जालौर-सिरोही सांसद लुंबाराम चौधरी ने विकास कार्यों को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों को लंबित परियोजनाओं को समय सीमा में पूरा करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। आबू पर्वत सर्किट हाउस में आयोजित एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक के दौरान सांसद ने क्षेत्र की तीन प्रमुख परियोजनाओं—सालगांव बांध, 33 केवी विद्युत लाइन और आबू पर्वत से गुलाबगंज मार्ग की प्रगति की गहन समीक्षा की। बैठक में सांसद ने जिला कलेक्टर रोहिताश सिंह तोमर, उपखंड अधिकारी डॉ. अंशु प्रिया, डीएफओ (DFO) शुभम जैन और सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) सहित विभिन्न विभागों के आला अधिकारियों से प्रत्येक कार्य की वर्तमान स्थिति पर विस्तृत चर्चा की।

सांसद चौधरी ने जनहित को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि आम जनता को मूलभूत सुविधाएं समय पर मिलना उनका अधिकार है और सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर ही पूर्ण होने चाहिए। बैठक में लंबित कार्यों में तेजी लाने के लिए सांसद ने जिला कलेक्टर से विशेष वार्ता की, जिस पर कलेक्टर ने तुरंत विभागीय अधिकारियों को कार्य प्रगति को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उल्लेखनीय है कि सालगांव बांध परियोजना क्षेत्र में सिंचाई और पेयजल संकट के स्थाई समाधान के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। वहीं, 33 केवी विद्युत लाइन का कार्य आबू पर्वत और निकटवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली व्यवस्था में सुधार लाएगा। इसके साथ ही, आबू पर्वत से गुलाबगंज को जोड़ने वाला मार्ग न केवल स्थानीय आवागमन को सुगम बनाएगा, बल्कि पर्यटन को बढ़ावा देने की दृष्टि से भी मील का पत्थर साबित होगा। सांसद ने दोहराया कि हर विकास कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस समीक्षा बैठक के दौरान भाजपा मण्डल अध्यक्ष अक्षय चौहान, प्रवक्ता सुनील आचार्य सहित जलदाय, विद्युत, वन एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Sunil Acharya, Mount Abu

Sunil Acharya, Mount Abu

सुनिल आचार्य माउंट आबू से जुड़े प्रमुख रिपोर्टर हैं, जो स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय और सटीक कवरेज के लिए जाने जाते हैं। उनकी पत्रकारिता में तथ्यपरक रिपोर्टिंग और घटनाओं की गहन समीक्षा का विशेष योगदान है। सुनिल आचार्य हर खबर को निष्पक्ष दृष्टिकोण से प्रस्तुत करते हैं और पाठकों तक सही जानकारी पहुँचाने का पूरा प्रयास करते हैं। उनका लेखन शैली सरल, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को समाचार के हर पहलू से अवगत कराता है।

Next Story