जिले में घरेलू एलपीजी सिलेंडर आपूर्ति सामान्य, प्रशासन ने अफवाहों से बचने की अपील
जिला प्रशासन के अनुसार गैस एजेंसियों के माध्यम से सिलेंडरों की नियमित डिलीवरी जारी, शैक्षणिक संस्थानों और अस्पतालों को प्राथमिकता श्रेणी में आपूर्ति सुनिश्चित

सिरोही, 15 मार्च। जिले में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति को लेकर फैल रही चर्चाओं के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया है कि पूरे जिले में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य और सुचारू बनी हुई है। उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है तथा निर्धारित प्रक्रिया के तहत नियमित रूप से गैस की डिलीवरी की जा रही है।
जिला कलक्टर अल्पा चौधरी ने बताया कि जिले में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। सभी गैस एजेंसियों के माध्यम से उपभोक्ताओं को नियमित रूप से सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऑनलाइन बुकिंग कर गैस सिलेंडर प्राप्त करें।
जिला कलक्टर ने जानकारी दी कि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के निर्देशानुसार शैक्षणिक संस्थानों, छात्रावासों, कोचिंग संस्थानों, अस्पतालों तथा अन्नपूर्णा रसोई जैसी संस्थाओं को प्राथमिकता श्रेणी में रखते हुए एलपीजी की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और पूरी आपूर्ति व्यवस्था व्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही है।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अनावश्यक और भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें। यदि किसी उपभोक्ता को किसी प्रकार की समस्या का सामना करना पड़ता है तो वह संबंधित गैस एजेंसी या विभाग से संपर्क कर समाधान प्राप्त कर सकता है।
इधर उपभोक्ताओं ने भी जिले में गैस आपूर्ति व्यवस्था को संतोषजनक बताया है। आबूरोड के देलदर निवासी लक्ष्मी देवी ने बताया कि उन्होंने परसों इंडेन गैस का सिलेंडर बुक करवाया था और अगले ही दिन एजेंसी से उन्हें आसानी से सिलेंडर मिल गया।
इसी तरह आबूरोड निवासी वैशाली ने बताया कि उन्होंने मंगलवार को गैस बुकिंग करवाई थी और गुरुवार को उनके गांव में डिलीवरी वाहन पहुंचकर सिलेंडर दे गया, जिससे उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई।
नितौड़ा निवासी मधु देवी रावल ने बताया कि उन्होंने गुरुवार को सिलेंडर बुक करवाया था। जब गैस की गाड़ी गांव में पहुंची तो उन्हें फोन कर बुलाया गया, जहां से उन्होंने आसानी से सिलेंडर प्राप्त कर लिया।
उपभोक्ताओं ने कहा कि जिले में गैस आपूर्ति व्यवस्था सुचारू है और समय पर सिलेंडर उपलब्ध हो रहे हैं। जिला प्रशासन ने पुनः स्पष्ट किया है कि जिले में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।

Dineshkumar Bohra, Sirohi
नाम: दिनेश बोहरा
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सिरोही जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति, शिक्षा और प्रशासनिक खबरें
परिचय एवं अनुभव
दिनेश बोहरा सिरोही जिले से एक सक्रिय रिपोर्टर हैं। वह वर्तमान में 'फर्स्ट इंडिया न्यूज' में रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं और वहां सभी प्रकार की खबरों को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में उनका अनुभव निम्नलिखित है:
- फर्स्ट इंडिया न्यूज: वर्ष 2013 से लगातार इस संस्थान से जुड़े हुए हैं और रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
- प्रातःकाल: पिछले कुछ समय से वह 'प्रातःकाल' समाचार पत्र और मीडिया प्लेटफॉर्म के साथ भी जुड़कर कार्य कर रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
दिनेश बोहरा शैक्षणिक रूप से परास्नातक हैं। उनकी योग्यता निम्नलिखित है:
- कला स्नातक (B.A.)
- कला स्नातकोत्तर (M.A.)
