ग्रीन एटीएम अभियान के तहत लायंस क्लब माउंट आबू ने 2400 से अधिक बीजों का किया सघन बीजारोपण
ग्रीन एटीएम अभियान के तहत लायंस क्लब माउंट आबू ने हनीमून पॉइंट क्षेत्र में 2400 से अधिक बीजों का बीजारोपण और बिखराव कर पर्यावरण संरक्षण की पहल की।

तस्वीर में लायंस क्लब माउंट आबू के सदस्य हनीमून पॉइंट के भीतरी क्षेत्र में जमीनी स्तर पर बैठकर बीजारोपण करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
लायंस इंटरनेशनल के डिस्ट्रिक्ट 3233 E2 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन निशांत जैन के इस वर्ष के प्राइम प्रोग्राम ‘ग्रीन एटीएम’ के तहत लायंस क्लब माउंट आबू द्वारा सघन बीजारोपण एवं बीज बिखराव का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र के विस्तार के उद्देश्य से विभिन्न प्रजातियों के हजारों बीजों का बीजारोपण एवं बिखराव किया गया।
अभियान के तहत लगभग 1500 खजूर के बीज, लगभग 500 मीठे नीम के बीज, लगभग 200 दुर्लभ स्वर्ण चम्पा के बीज, लगभग 100 आम के बीज तथा लगभग 100 जामुन के बीजों का बीजारोपण एवं बिखराव किया गया। इनमें स्वर्ण चम्पा का वृक्ष दुर्लभ बताया गया है, जो एक बार पनपने के बाद कई सौ वर्षों तक जीवित रहता है। वहीं अन्य सभी वृक्ष भी आबूराज की आबोहवा में शीघ्र विकसित होते हैं और लंबे समय तक लोगों को उनका लाभ मिलता है।
यह सेवा कार्य हनीमून पॉइंट क्षेत्र के भीतरी भाग, सड़क किनारे तथा एनीकेट के पास किया गया। इस स्थान का चयन इसलिए किया गया क्योंकि यहां पौधों के पनपने के लिए पानी, नमी और धूप प्रचुर मात्रा में उपलब्ध है, जिससे उनके विकसित होने की संभावना अधिक रहती है।
कार्यक्रम के दौरान जोनल चेयरमैन लायन सुनील आचार्य, क्लब अध्यक्ष लायन अजय बंसल, सचिव लायन आकाश गर्ग, कोषाध्यक्ष महेश टाक, लायन छोटे लाल चौरसिया, पूर्व अध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल तथा पूर्व सचिव सत्यपाल रारिया सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। यह अभियान ग्रीन एटीएम कार्यक्रम के तहत पर्यावरण संरक्षण की दिशा में लायंस क्लब माउंट आबू की महत्वपूर्ण पहल के रूप में आयोजित किया गया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
