सिरोही। गुरु–शिष्य के पवित्र रिश्ते को कलंकित करने वाला एक सनसनीखेज मामला सिरोही से सामने आया है। जिले की दो NCC छात्राओं ने अपने NCC के अधिकारी भगवानाराम बिश्नोई पर गंभीर आरोप लगाते हुए महिला थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। छात्राओं का आरोप है कि अधिकारी द्वारा उन्हें अनुचित स्पर्श, छेड़छाड़ और बार-बार बिना कारण घर बुलाने जैसी आपत्तिजनक हरकतें की जा रही थीं।

पीड़ित छात्राओं ने अपनी आपबीती सबसे पहले NCC की महिला अधिकारी को सुनाई। इसके बाद उन्होंने अपने माता-पिता को भी पूरी घटना की जानकारी दी। परिजनों और महिला अधिकारी के सहयोग से छात्राओं ने पुलिस में मामला दर्ज कराने का निर्णय लिया। बीती रात पीड़िताएं और NCC की महिला अधिकारी रोहिड़ा थाने पहुंचीं, लेकिन लंबे समय तक थाने में बैठाए जाने के बावजूद मामला दर्ज नहीं किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए छात्राओं और उनके परिजनों ने आज सिरोही मुख्यालय जाकर पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान से मिलकर कार्रवाई की मांग की। एसपी के समक्ष गुहार लगाने के बाद महिला थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपों की गंभीरता के आधार पर मामले की पूर्ण जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने न केवल NCC संस्थान की विश्वसनीयता पर सवाल उठाया है, बल्कि समाज में गुरु–शिष्य संबंधों की सुरक्षा और छात्राओं की सुरक्षा की महत्वपूर्ण आवश्यकता को भी उजागर किया है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story