माउंट आबू की सुरम्य वादियों में स्थित ऐतिहासिक और विश्वप्रसिद्ध जैन श्वेतांबर दिलवाड़ा मंदिर संकुल की स्थापत्य कला ने एक बार फिर सरकारी उच्चाधिकारियों को मंत्रमुग्ध कर दिया है। राजस्थान सरकार के स्वायत्त शासन विभाग के प्रमुख शासन सचिव रवि जी जैन ने रविवार को माउंट आबू दौरे के दौरान इन प्राचीन जिनालयों के दर्शन किए और उनकी अद्भुत शिल्पकला को निकटता से निहारा। मंदिर संकुल के पांचों मंदिरों में पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने मुख्य मंदिरों की बारीक नक्काशी का गहन अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने 1000 वर्ष पूर्व सीमित संसाधनों के बावजूद ऐसी उत्कृष्ट कृतियों के निर्माण के लिए विमल शाह और तत्कालीन शिल्पकारों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उन्होंने मंदिर में लगे शिलालेखों की ऐतिहासिक जानकारी भी प्राप्त की।

मंदिर परिसर के अतिथि गृह में माउंट आबू नगर पालिका के आयुक्त रामकिशोर ने प्रमुख शासन सचिव का साफा पहनाकर और गुलदस्ता भेंट कर अभिनंदन किया। इस दौरान मंदिर प्रबंधन की ओर से गोरधनसिंह और विजय जैन ने भगवान आदिनाथ की धातु की लघु प्रतिमा भेंट कर उनका स्वागत किया। भेंट-वार्ता के दौरान मंदिर प्रबंधकों ने शासन सचिव को मंदिर परिसर के जीर्ण-शीर्ण आधारभूत ढांचों और पुरानी धर्मशाला की मरम्मत की आवश्यकता से अवगत कराया। उन्होंने राज्य सरकार के जोनल मास्टर प्लान के अंतर्गत धार्मिक प्रयोजनार्थ निर्धारित प्रावधानों के तहत इसके लिए सक्षम स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया, जिस पर शासन सचिव ने सकारात्मक आश्वासन दिया। अपनी यात्रा के समापन पर श्री जैन ने मंदिर उपाश्रय में विराजमान राष्ट्रीय संत आचार्य हेमवल्लभ सूरीश्वर महाराज साहेब से भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया।

Sunil Acharya, Mount Abu

Sunil Acharya, Mount Abu

सुनिल आचार्य माउंट आबू से जुड़े प्रमुख रिपोर्टर हैं, जो स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय और सटीक कवरेज के लिए जाने जाते हैं। उनकी पत्रकारिता में तथ्यपरक रिपोर्टिंग और घटनाओं की गहन समीक्षा का विशेष योगदान है। सुनिल आचार्य हर खबर को निष्पक्ष दृष्टिकोण से प्रस्तुत करते हैं और पाठकों तक सही जानकारी पहुँचाने का पूरा प्रयास करते हैं। उनका लेखन शैली सरल, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को समाचार के हर पहलू से अवगत कराता है।

Next Story