आबू रोड में आयोजित होने वाली 8वीं दादी प्रकाशमणि आबू हॉफ मैराथन को लेकर रनर्स में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इस बार मैराथन के लिए पहली बार रिकॉर्ड संख्या में 3900 रनर्स ने रजिस्ट्रेशन कराया है। रजिस्ट्रेशन शुरू होने के महज दस दिन के अंदर तीन हजार रनर्स ने अपना पंजीकरण करा लिया था, जिसके बाद निर्धारित संख्या से अधिक रजिस्ट्रेशन होने पर प्रक्रिया बंद कर दी गई।

9 अगस्त को आयोजित होने वाली इस मैराथन की तैयारियों को लेकर शांतिवन के दादीजी मीटिंग रूम में बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन से जुड़ी तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई। 8वीं दादी प्रकाशमणि आबू हॉफ मैराथन ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान की पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि की 19वीं पुण्य स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित की जा रही है।

21.9 किलोमीटर लंबी इस मैराथन की शुरुआत मनमोहिनीवन से सुबह 5 बजे अतिथियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर की जाएगी। मैराथन में युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह है और देश-विदेश से हजारों रनर्स इसमें भाग लेने के लिए उत्साहित हैं।

बैठक में महासचिव राजयोगी बीके करुणा भाई ने कहा कि दादी प्रकाशमणि का जीवन विश्व बंधुत्व की मिसाल रहा। उन्होंने समाज के सभी वर्गों को आपस में जोड़ने का कार्य किया। मैराथन में भी देश-विदेश से हजारों रनर्स भाग लेकर उनके जीवन से प्रेरणा लेते हैं।

अतिरिक्त महासचिव राजयोगी बीके डॉ. मृत्युंजय भाई ने कहा कि मैराथन के आयोजन में आबूरोड और माउंट आबू के सामाजिक संगठनों, पुलिस-प्रशासन, सीआरपीएफ सहित सभी का हर साल सराहनीय सहयोग रहता है। इस वर्ष भी सभी संगठन पूरे उत्साह के साथ सहयोग के लिए आगे आ रहे हैं।

मैराथन की तैयारियों के संबंध में बीके सचिन भाई ने बताया कि अब रजिस्ट्रेशन बंद कर दिए गए हैं। रनर्स की टाइमिंग और तय दूरी को मापने के लिए विशेष ट्रैकिंग डिवाइस पहनाई जाएगी। इससे प्रत्येक रनर्स का पूरा रिकॉर्ड मेंटेन किया जा सकेगा। यदि कोई रनर्स वाहन का उपयोग करता है तो डिवाइस इसकी जानकारी दे देगी और उसे प्रतियोगिता से बाहर कर दिया जाएगा।

रोटी विभाग के प्रमुख बीके भानू भाई ने बताया कि इस बार निर्धारित समय में माउंट आबू पहुंचने वाले प्रत्येक रनर्स को मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। बैठक में साइंटिस्ट विंग के अध्यक्ष बीके मोहन सिंघल, वरिष्ठ राजयोगी बीके प्रकाश भाई, सीए बीके ललित भाई, आवास-निवास प्रभारी बीके देव भाई, सफाई विभाग प्रभारी बीके जगदीश भाई, बीके सतेंद्र भाई सहित अन्य डिपार्टमेंट प्रभारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

8वीं दादी प्रकाशमणि आबू हॉफ मैराथन की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 3900 रनर्स के रजिस्ट्रेशन के साथ इस आयोजन को लेकर आयोजकों और प्रतिभागियों में खासा उत्साह बना हुआ है।

Sunil Acharya, Mount Abu

Sunil Acharya, Mount Abu

सुनिल आचार्य माउंट आबू से जुड़े प्रमुख रिपोर्टर हैं, जो स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय और सटीक कवरेज के लिए जाने जाते हैं। उनकी पत्रकारिता में तथ्यपरक रिपोर्टिंग और घटनाओं की गहन समीक्षा का विशेष योगदान है। सुनिल आचार्य हर खबर को निष्पक्ष दृष्टिकोण से प्रस्तुत करते हैं और पाठकों तक सही जानकारी पहुँचाने का पूरा प्रयास करते हैं। उनका लेखन शैली सरल, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को समाचार के हर पहलू से अवगत कराता है।

Next Story