ब्रह्माकुमारीज संस्थान की पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी जानकी की छठवीं पुण्यतिथि शुक्रवार को संस्थान के शांतिवन परिसर में अत्यंत श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर राजस्थान सरकार के स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर विशेष रूप से श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे। उन्होंने दादी जानकी के समाधि स्थल 'शक्ति स्तंभ' पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उन्हें मानवता का पथ प्रदर्शक बताया।

हजारों लोगों की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री खींवसर ने कहा कि दादी जानकी ब्रह्माकुमारीज संस्थान की सशक्त आधार स्तंभ थीं, जिन्होंने निरंतर देश और दुनिया में मानवता के मूल्यों का प्रसार किया। उन्होंने दादी को नारी शक्ति का अनुपम प्रेरणा स्रोत बताते हुए कहा कि उनके कुशल निर्देशन में संस्थान आज भी समाज को मानसिक और शारीरिक रूप से सुदृढ़ बनाने के पुनीत कार्य में संलग्न है।

दादी के स्मृति दिवस पर संस्थान प्रमुख राजयोगिनी बीके मोहिनी दीदी ने उनके जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दादी के कदम सदैव विश्व में ईश्वरीय संदेश फैलाने के लिए तत्पर रहे। उनका दृष्टिकोण कभी व्यक्तिगत स्वार्थ तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने जाति, धर्म, रंग और भाषा की दीवारों को तोड़कर एक समरस समाज और नई दुनिया के निर्माण को अपना लक्ष्य बनाया। कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य प्रशासिका बीके मुन्नी और बीके जयंती ने भी दादी के मातृत्व भाव और उनके सान्निध्य से मिलने वाली अतींद्रिय शांति व सुकून को याद किया।

संस्थान के महासचिव बीके करुणा भाई ने दादी जानकी के ऐतिहासिक योगदान का उल्लेख करते हुए बताया कि उन्होंने अपनी अंतिम सांस तक लोक कल्याण की भावना से संपूर्ण विश्व का भ्रमण कर एक नया इतिहास रचा। इस गरिमामयी श्रद्धांजलि सभा में संयुक्त मुख्य प्रशासिका बीके संतोष, बीके सुदेश दीदी, अतिरिक्त महासचिव बीके मृत्युंजय, डॉ. प्रताप मिडढा, बीके आशा और बीके मोहन सिंघल सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

समारोह में स्थानीय विधायक समाराम गरासिया, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश कोठारी, बीके प्रकाश, बीके डॉ. बनारसी, बीके ललित और बीके शारदा सहित बड़ी संख्या में अनुयायियों ने दादी जानकी को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। यह आयोजन न केवल एक महान विभूति का स्मरण था, बल्कि समाज के नैतिक उत्थान के प्रति संस्थान के संकल्प को दोहराने का माध्यम भी बना।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story