राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के सिरोही जिले के प्रस्तावित दो दिवसीय प्रवास को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। आबूराज में आयोजित होने वाले महत्वपूर्ण कार्यक्रमों को सफल बनाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को स्वरूपगंज स्थित बालाजी भवन में जिला स्तरीय तैयारी बैठक आयोजित की, जिसमें कार्यक्रमों की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और संगठनात्मक जिम्मेदारियों पर विस्तार से मंथन किया गया।

भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में मुख्यमंत्री के 20 एवं 21 जून के कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। भाजपा जिला प्रवक्ता लोकेश खंडेलवाल ने बताया कि कार्यक्रमों के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं से जुड़े दायित्व पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सौंपे गए। बैठक में कार्यकर्ताओं के आवागमन, स्वागत, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा वाहन व्यवस्था सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर जिम्मेदारियां निर्धारित की गईं।

बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करने के निर्देश देते हुए कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने संगठन और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 20 जून की सायंकाल माउंट आबू पहुंचेंगे, जहां वे शाम 7 बजे आयोजित होने वाले “संत समागम आबूराज” कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे। इसके बाद 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में भी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री प्रदेशवासियों, विशेष रूप से युवाओं को योग, स्वस्थ जीवनशैली और निरोगी जीवन के महत्व का संदेश देंगे।

बैठक में विधायक समाराम गरासिया, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एडवोकेट वीरेंद्रसिंह चौहान, प्रधान नितिन बंसल तथा पूर्व विधायक जगसीराम कोली सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने अपने विचार एवं सुझाव प्रस्तुत किए। सभी वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यक्रमों की सभी व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से संचालित करें।

संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा के दौरान कार्यकर्ताओं में दिखाई दे रहे उत्साह और सक्रिय भागीदारी पर संतोष व्यक्त किया गया। वक्ताओं ने विश्वास जताया कि संगठन और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से आबूराज में आयोजित होने वाले दोनों कार्यक्रम ऐतिहासिक, भव्य और सफल साबित होंगे।

बैठक का संचालन जिला महामंत्री नरपतसिंह उंदरा ने किया। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश कोठारी, जिला महामंत्री गणपतसिंह राठौड़, रामलाल रनोरा, बाबूभाई पटेल, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष हेमेंद्रसिंह, एसटी मोर्चा जिलाध्यक्ष रतन गरासिया, गोपाल माली, ताराराम माली, प्रकाश रावल, दुर्गाराम गरासिया, लोकेश खंडेलवाल, महिपालसिंह चारण, पवन राठौड़, जितेंद्र प्रजापत, दीपेंद्रसिंह पीथापुरा, सतीश सेठी, अजय वाला, बाबूसिंह मंकरोड़ा, हिम्मत छिपा सहित बड़ी संख्या में मंडल अध्यक्ष, प्रभारी, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर संगठन में व्यापक उत्साह देखा गया।

Sunil Acharya, Mount Abu

Sunil Acharya, Mount Abu

सुनिल आचार्य माउंट आबू से जुड़े प्रमुख रिपोर्टर हैं, जो स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय और सटीक कवरेज के लिए जाने जाते हैं। उनकी पत्रकारिता में तथ्यपरक रिपोर्टिंग और घटनाओं की गहन समीक्षा का विशेष योगदान है। सुनिल आचार्य हर खबर को निष्पक्ष दृष्टिकोण से प्रस्तुत करते हैं और पाठकों तक सही जानकारी पहुँचाने का पूरा प्रयास करते हैं। उनका लेखन शैली सरल, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को समाचार के हर पहलू से अवगत कराता है।

Next Story