सिरोही: पादर में भाजपा भटाणा मंडल की संगठनात्मक बैठक, मजबूती पर मंथन
भटाणा मंडल अध्यक्ष कुलदीप रामपुरा की अध्यक्षता और सुनील आचार्य के मुख्य आतिथ्य में कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने का गुरुमंत्र दिया गया।

पादर स्थित श्री जुझार जी मंदिर प्रांगण में आयोजित भाजपा भटाणा मंडल की बैठक के दौरान मंचासीन अतिथि सुनील आचार्य, कुलदीप रामपुरा, सौभाग्य सिंह और अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता।
पादर स्थित श्री जुझार जी मंदिर प्रांगण में आयोजित भारतीय जनता पार्टी भटाणा मंडल की एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं वृहद् संगठनात्मक बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा जमीनी स्तर पर संगठन को सुदृढ़ करने को लेकर विस्तृत मंथन किया गया। बैठक की अध्यक्षता भटाणा मंडल अध्यक्ष कुलदीप रामपुरा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में मंडल प्रभारी एवं वरिष्ठ नेता सुनील आचार्य उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में भटाणा ठाकुर साहब सौभाग्य सिंह ने शिरकत की।
बैठक में सहकारी समिति भटाणा के अध्यक्ष गुलाब सिंह धनपुरा, मंडल महामंत्री विक्रम सिंह पादर एवं दिनेश आर. मकावल, वरिष्ठ कार्यकर्ता ताराचंद पुरोहित तथा किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष धनपत सिंह पादर मंचासीन रहे। सभी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक दिशा में मार्गदर्शन प्रदान किया।
मुख्य अतिथि सुनील आचार्य ने संगठन की शक्ति पर बल देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल अपने समर्पित कार्यकर्ताओं के कारण है। उन्होंने “बूथ जीता, चुनाव जीता” का मूलमंत्र देते हुए कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ पर ‘पन्ना प्रमुख’ और ‘शक्ति केंद्र’ की व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के भ्रामक प्रचार को निष्प्रभावी बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को जनता के साथ सीधा संवाद बढ़ाना होगा।
मंडल अध्यक्ष कुलदीप रामपुरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार एवं राज्य की भाजपा सरकार गरीब, किसान, युवा एवं महिलाओं के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इन जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुँचाने में सेतु की भूमिका निभाएं, जिससे जनविश्वास और अधिक मजबूत हो सके तथा संगठन की जड़ें और गहरी हों।
संगठनात्मक बैठक में मंडल उपाध्यक्ष मेघाराम देवासी, रेवाराम हीरागर, भगाराम कोली (सालोतरा), बूथ अध्यक्ष महिपाल सिंह देवड़ा, पूर्व सरपंच अर्जुन सिंह, वेलाराम रबारी, अमराराम पोतरोड, हरनाथ पोतरोड, परथु कोली, नरेंद्र आबूराज, राकेश शर्मा, युवराज सिंह पादर, मदन सिंह, गोविन्द एवं कल्पेश सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई और संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम का संचालन एवं आभार ज्ञापन मंडल महामंत्री दिनेश आर. चौधरी द्वारा किया गया। बैठक के समापन पर भारत माता के जयकारों के बीच सभी कार्यकर्ताओं ने आगामी संगठनात्मक अभियानों और चुनावों में पूर्ण निष्ठा एवं एकजुटता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
