आबूरोड। भगवान महावीर के जन्म कल्याणक महोत्सव के पावन अवसर पर आज आबूरोड का कोना-कोना 'जियो और जीने दो' के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा। जैन समाज द्वारा हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ आयोजित इस जन्मोत्सव के केंद्र में भगवान महावीर के सत्य, अहिंसा और त्याग के कालजयी संदेश रहे। मंगलवार सुबह श्वेताम्बर जैन मंदिर में भक्तिमय वातावरण के बीच विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया, जहां उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान महावीर के सिद्धांतों को आत्मसात करने और उनके बताए मार्ग पर चलने का सामूहिक संकल्प लिया।

आध्यात्मिक अनुष्ठानों के पश्चात मंदिर परिसर से एक विशाल एवं भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। यह शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों पत्थर गली, सदर बाजार और पारसीचाल से होती हुई जगदीश चौराहा के रास्ते जैन धर्मशाला पहुंची। शोभायात्रा का दृश्य अत्यंत मनमोहक था, जहां अश्वों पर सवार बच्चे भगवान महावीर के वेश में सजे-धजे नजर आ रहे थे। भक्ति की पराकाष्ठा तब देखने को मिली जब श्रद्धालु अपने हाथों से भगवान महावीर की प्रतिमा से सुसज्जित रथ को खींचते हुए चल रहे थे। बैंड-बाजों की धार्मिक धुनों पर नाचते-झूमते महिला-पुरुषों के उत्साह ने उत्सव की रौनक को दोगुना कर दिया।

सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल पेश करते हुए शहर के हर वर्ग और समाज ने शोभायात्रा का आत्मीय स्वागत किया। मार्ग में जगह-जगह शीतल जल और शरबत की व्यवस्था की गई थी। इस भव्य आयोजन में समस्त श्वेताम्बर 13 पंथी और स्थानकवासी जैन संप्रदाय के धर्मप्रेमी एकजुट होकर सम्मिलित हुए। शोभायात्रा के समापन पर समस्त जैन संघ के लिए 'स्वामिवात्सल्य' (सामूहिक भोज) का आयोजन किया गया। धार्मिक कार्यक्रमों की इसी कड़ी में दोपहर में मंदिर में विशेष पूजा एवं रात्रि को भगवान की भव्य आंगी सजाई जाएगी।

इस गरिमामय अवसर पर समाज के अध्यक्ष पोपट भाई जैन, सचिव महेन्द्र मरडिया, जितेन्द्र हीराणी, मुकेश कोठारी, नरेन्द्र कुमार जैन, संजय कुमार शाह, सुरेश कुमार जैन, भारतभूषण जैन, विनोद कुमार मेहता, डॉ. प्रकाश सिंघी, अनिल मोदी, समरथमल जैन, तरूण जैन, अशोक जैन, भरत शाह, अनिल कोठारी, अजय सुराणा और अंकित शाह सहित समाज के गणमान्य नागरिकों ने सभी को महावीर जयंती की शुभकामनाएं दीं और भगवान के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।

मुस्लिम समाज ने पेश की गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल

महावीर जयंती के इस पर्व पर आबूरोड में कौमी एकता और भाईचारे का अनूठा संगम देखने को मिला। मुख्य चौराहे पर मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने भव्य शोभायात्रा का पुष्प वर्षा के साथ जोरदार स्वागत किया। मुस्लिम समाज के पदाधिकारियों ने जैन समाज के अगुआओं को शॉल ओढ़ाकर और माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया और पर्व की मुबारकबाद दी। इस अवसर पर मुस्लिम समाज के सदर हाजी सलीम खान, शोकत नागौरी, सलीम कायमखानी, लईक अहमद, शरीफ रंगरेज, रूस्तम भाई, मोहम्म्द जुनेद आदिल, शाहीद भाटी, रफि क मोयल, मोईनुद्दीन मोयल, शकूर भाई, हुसैन कायमखानी, आबिद कुरैशी सहित अनेक लोग मौजूद रहे, जिन्होंने एकता के इस संदेश को और सुदृढ़ किया।

Meta Description

Sunil Acharya, Mount Abu

Sunil Acharya, Mount Abu

सुनिल आचार्य माउंट आबू से जुड़े प्रमुख रिपोर्टर हैं, जो स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय और सटीक कवरेज के लिए जाने जाते हैं। उनकी पत्रकारिता में तथ्यपरक रिपोर्टिंग और घटनाओं की गहन समीक्षा का विशेष योगदान है। सुनिल आचार्य हर खबर को निष्पक्ष दृष्टिकोण से प्रस्तुत करते हैं और पाठकों तक सही जानकारी पहुँचाने का पूरा प्रयास करते हैं। उनका लेखन शैली सरल, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को समाचार के हर पहलू से अवगत कराता है।

Next Story