सिरोही जिले के आबूरोड में रीको थाना पुलिस ने गुरुवार को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में भारी मात्रा में शराब की खेप बरामद की है। पुलिस ने करीब एक करोड़ रुपये से अधिक कीमत की अवैध शराब जब्त करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह दोनों कार्रवाइयां सिरोही एसपी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ के निर्देश पर की गई हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत आबूरोड पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली है।

कंटेनर से 80 लाख की शराब बरामद

पहली कार्रवाई में पुलिस ने मावल चौकी क्षेत्र में एक कंटेनर को रुकवाकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कंटेनर से 1085 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार यह शराब गुजरात ले जाई जा रही थी। जब्त की गई शराब की कीमत करीब 80 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

पाउडर के कट्टों की आड़ में तस्करी

वहीं दूसरी कार्रवाई में रीको थाना पुलिस ने एक ट्रक को रोककर जांच की। ट्रक में पाउडर के कट्टों की आड़ में शराब की तस्करी की जा रही थी। तलाशी लेने पर ट्रक से 154 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। यह शराब भी गुजरात ले जाई जा रही थी। पुलिस ने इस मामले में भी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और उससे पूछताछ जारी है। इस शराब की कीमत 20 लाख रूपये आँकी गई है।

पुलिस टीम की अहम भूमिका और जांच

इस पूरी कार्रवाई में रीको थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह के नेतृत्व में मावल चौकी के विक्रम राजपुरोहित, कांस्टेबल प्रकाश कुमार, जयंतीलाल और प्रवीण सिंह की टीम ने अहम भूमिका निभाई। थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह ने बताया कि "अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस को सूचना मिलने पर टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को पकड़ा और भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा इस पूरे नेटवर्क के अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।" पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और संभावना जताई जा रही है कि पूछताछ के दौरान तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों के बारे में भी अहम खुलेसे हो सकते हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story