आबूराज, 3 अगस्त 2026। आगामी नगर पालिका चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल की महत्वपूर्ण बैठक भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा जी भंडारी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक सर्वस्पर्शी, सक्रिय और विजयी बनाना रहा।

बैठक के दौरान चुनावी रणनीति, पन्ना प्रमुखों की भूमिका, मतदाता सूची शुद्धिकरण, लाभार्थी संपर्क तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही संगठन को चुनावी दृष्टि से अधिक प्रभावी बनाने पर भी मंथन हुआ।



बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा जी भंडारी ने कहा, "भाजपा की ताकत हमारे समर्पित कार्यकर्ता हैं। नगर पालिका चुनाव में हमारा मंत्र है - 'संगठन सर्वोपरि, राष्ट्र सर्वोपरि'। हर बूथ पर कमल खिलाना है और हर वार्ड में भाजपा की विजय पताका फहरानी है। अनुशासन, समर्पण और सेवा के भाव से हम जनता का आशीर्वाद फिर से प्राप्त करेंगे।"

जिला महामंत्री गणपत सिंह राठौड़ ने कहा कि आगामी नगर पालिका चुनाव में सभी कार्यकर्ताओं को मतभेद भुलाकर एकजुट होकर कार्य में लगना होगा, जिससे आबू पर्वत में पूर्ण बहुमत के साथ बोर्ड बनाने में सफलता मिल सके।

नगर मंडल अध्यक्ष श्री अक्षय चौहान ने कहा कि मंडल के सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर बूथ समितियों को सक्रिय करें। वार्ड प्रभारी और शक्ति केंद्र संयोजक अपनी जिम्मेदारी को मिशन भाव से निभाएं, ताकि चुनाव में शत-प्रतिशत परिणाम प्राप्त किए जा सकें।

बैठक में भाजपा जिला महामंत्री नरपत सिंह राणावत, महामंत्री गनपत सिंह राठौड़, रामलाल रनोरा, जिला मंत्री गीता अग्रवाल, अल्पसंख्य मोर्चा प्रदेश प्रवक्ता शाबिर कुरैशी, मंडल प्रभारी दशरत सहित समस्त पदाधिकारी, पूर्व पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, पूर्व जनप्रतिनिधि, पार्षद प्रत्याशी, मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्ष व पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष, वार्ड प्रभारी, शक्ति केंद्र संयोजक तथा सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

बैठक के अंत में चुनाव संचालन समिति का गठन किया गया, संपर्क अभियान की रूपरेखा तैयार की गई तथा आगामी कार्यक्रमों की जिम्मेदारियां तय की गईं। सभी कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story