सिरोही जिले के आबूरोड शहर में आईपीएल क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। सदर थाना पुलिस ने शहर स्थित एक रिसॉर्ट में देर रात दबिश देकर तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पांच मोबाइल फोन, सट्टे से जुड़े दस्तावेज और करीब 50 लाख रुपए के लेन-देन का हिसाब-किताब बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में बड़े स्तर पर सट्टा नेटवर्क संचालित होने की आशंका जताई जा रही है।

सदर थाना अधिकारी प्रदीप डागा ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक रिसॉर्ट के एक कमरे में आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा। दबिश के दौरान मनोज सिंधी, अनिल और राजेश्वर को ऑनलाइन सट्टा लगाते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस को मौके से कोडवर्ड में लिखी हिसाब-किताब की पर्चियां, पांच मोबाइल फोन और सट्टा कारोबार से जुड़े अन्य दस्तावेज भी मिले हैं। बरामद दस्तावेजों में करीब 50 लाख रुपए के लेन-देन का रिकॉर्ड सामने आया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि सट्टा कारोबार किन-किन लोगों से जुड़ा हुआ था।

यह कार्रवाई सिरोही एसपी पुष्पेंद्र सिंह के निर्देशन में डीएसटी प्रभारी कमल सिंह के नेतृत्व में की गई। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तथा लेन-देन की कड़ियों की जांच में जुटी हुई है। आबूरोड में सामने आए इस खुलासे ने आईपीएल सट्टेबाजी के संगठित नेटवर्क पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story