पिंडवाड़ा, सिरोही। ग्रामीण क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत सरुपगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विशाल नेत्र चिकित्सा एवं जांच शिविर का आयोजन किया गया। एनटीसी वेंचर प्राइवेट लिमिटेड एवं ग्लोबल अस्पताल, आबूरोड के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में नेत्र रोगियों ने सहभागिता की और विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं का लाभ लिया।

शिविर के दौरान कुल 532 मरीजों की आंखों की विस्तृत जांच की गई। जांच में गंभीर नेत्र रोग से ग्रस्त 46 मरीजों को ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया गया, जबकि 290 जरूरतमंद नेत्र रोगियों को निशुल्क चश्मों का वितरण किया गया। शिविर में आधुनिक उपकरणों के माध्यम से आंखों की जांच कर रोगियों को परामर्श भी प्रदान किया गया, जिससे समय पर उपचार संभव हो सके।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक समाराम गरासिया एवं पिंडवाड़ा प्रधान नितिन बंसल ने अतिथि के रूप में उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने शिविर की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य पवन अग्रवाल, चंदुभाई, हिरालाल चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी मौजूद रहे। साथ ही माधुभाई पुरोहित, अशोक भाई बंसल, अरविंद सिंह देवड़ा, नरेंद्र प्रजापत सहित अनेक गणमान्य नागरिकों की सहभागिता रही।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार इस प्रकार के शिविर न केवल आंखों से संबंधित बीमारियों की समय पर पहचान में सहायक होते हैं, बल्कि आमजन में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ाते हैं। आयोजन से क्षेत्र के सैकड़ों लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिला, जिससे सरुपगंज और आसपास के ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिली है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story