माउंट आबू में नगर पालिका स्थानीय निकाय चुनाव 2026 की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भाजपा के स्टार प्रचारक एवं सिरोही-जालौर सांसद लुंबाराम चौधरी शुक्रवार, 5 सितंबर को माउंट आबू पहुंचे और विभिन्न वार्डों में रैली के रूप में जनसंपर्क कर भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार किया। उन्होंने इस दौरान माउंट आबू में भाजपा का बोर्ड बनने का दावा किया।

सांसद लुंबाराम चौधरी ने वार्ड संख्या 4 में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुनील आचार्य, वार्ड संख्या 3 में मांगीलाल काबरा, वार्ड संख्या 5 में कस्तूरी देवी, वार्ड संख्या 18 में निलेश बेरवा और वार्ड संख्या 19 में मनोज अग्रवाल सहित विभिन्न वार्डों में पहुंचकर मतदाताओं से जनसंपर्क किया।

उन्होंने कहा कि माउंट आबू के विकास के लिए डबल इंजन की सरकार लगातार प्रयत्नशील है और आने वाले समय में डबल इंजन से ट्रिपल इंजन की सरकार बनेगी। उन्होंने दावा किया कि इस बार माउंट आबू नगर पालिका में भाजपा का बोर्ड बनेगा।

चौधरी ने माउंट आबू की सालगांव बांध परियोजना, अनादर से माउंट आबू तक 33 केवी लाइन, माउंट आबू का अन्य रास्ता और दूसरा रास्ता, सिरोड़ी रोड तथा गुलाब गंज से जुड़े कार्यों की क्रियान्विति शीघ्र होने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आबू विकास समिति के अध्यक्ष हैं और हाल ही में आबू विकास समिति की बैठक के बाद अगली बैठक में अनेक विकास के निर्णय लिए जाएंगे।

सांसद ने कहा कि माउंट आबू में राज्य सरकार की ओर से किसी प्रकार की टोकन व्यवस्था नहीं है। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर चल रही इस व्यवस्था को लेकर लगातार भ्रष्टाचार की शिकायतें आती हैं। भाजपा का बोर्ड बनते ही इस व्यवस्था को समाप्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिस वार्ड में भी वे गए, वहां हर व्यक्ति माउंट आबू की इस टोकन व्यवस्था के भ्रष्टाचार से परेशान है।

उन्होंने कहा कि जनता की भावनाओं का आदर करते हुए राजस्थान के मुख्यमंत्री तक अपनी बात पहुंचाई जाएगी। साथ ही यहां के बोर्ड को उसके अधिकारों की जानकारी देकर उसके स्तर पर इस व्यवस्था को हटाने का शीघ्र निर्णय लिया जाएगा। चुनाव प्रचार के दौरान सांसद ने विकास कार्यों और स्थानीय व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर भाजपा के पक्ष में समर्थन मांगा।

इस अवसर पर भाजपा के जिला महामंत्री रामलाल रनोरा, नरपत सिंह, नगर मंडल अध्यक्ष अक्षय चौहान, मंडल प्रभारी दशरथ सिंह, चुनाव प्रभारी प्रदीप अग्रवाल सहित भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Sunil Acharya, Mount Abu

Sunil Acharya, Mount Abu

सुनिल आचार्य माउंट आबू से जुड़े प्रमुख रिपोर्टर हैं, जो स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय और सटीक कवरेज के लिए जाने जाते हैं। उनकी पत्रकारिता में तथ्यपरक रिपोर्टिंग और घटनाओं की गहन समीक्षा का विशेष योगदान है। सुनिल आचार्य हर खबर को निष्पक्ष दृष्टिकोण से प्रस्तुत करते हैं और पाठकों तक सही जानकारी पहुँचाने का पूरा प्रयास करते हैं। उनका लेखन शैली सरल, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को समाचार के हर पहलू से अवगत कराता है।

Next Story