जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के राजकीय आवास पर आयोजित 'युवा संवाद' कार्यक्रम में प्रदेश भर के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में करौली जिले के युवाओं ने भी बड़ी संख्या में उपस्थिति दर्ज कराई। भाजपा युवा मोर्चा राजस्थान के निधि एवं शोध प्रदेश सह-संयोजक जीतू शुक्ला के सानिध्य में करौली से अक्षय तिवारी, वेदु सारस्वत, करण कश्यप, संदीप पचौरी, नितांश भारद्वाज, बंटी हरदेनिया, हेमंत कश्यप और राज जंगम सहित अनेक युवा जयपुर पहुँचे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राष्ट्र निर्माण, संगठन सशक्तिकरण, जनसेवा और युवाओं की भूमिका पर अपने प्रेरणादायी विचार साझा किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवा शक्ति किसी भी राज्य की प्रगति की आधारशिला होती है। राज्य सरकार युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और स्वरोजगार के अधिकतम अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सरकार युवाओं की प्रतिभाओं को निखारने तथा उन्हें आत्मनिर्भर व सशक्त बनाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि उनकी ऊर्जा, प्रतिभा और सक्रिय सहभागिता ही 'विकसित राजस्थान' के संकल्प को नई गति प्रदान करेगी और प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को स्पर्श करेगा।

मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उस कार्यकाल में पेपर लीक माफियाओं ने लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया, जिससे युवाओं के विश्वास को गहरी ठेस पहुँची। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा सरकार बनते ही एसआईटी (SIT) का गठन कर पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच करवाई गई और दोषियों को जेल की सलाखों के पीछे पहुँचाने का कार्य किया गया। राज्य सरकार युवाओं के हितों की रक्षा, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था के प्रति पूर्ण संकल्पित है।

इस गरिमामयी अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौर, वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, राज्यमंत्री के.के. विश्नोई, प्रदेश महामंत्री मिथलेश गौतम, युवा मोर्चा के प्रदेश प्रभारी आइदान सिंह भाटी और युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा सहित प्रदेश भर के पदाधिकारी व युवा प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story