ब्रिटिश संसद में जयपुर की 9 वर्षीय येदिता शर्मा 'शी इन्सपायर्स अवार्ड' से सम्मानित
राजस्थान की येदिता को म्यूजिक और आर्ट्स में योगदान के लिए सांसद रूथ कैडबरी ने 'ब्राइट आर्टिस्ट' श्रेणी में पुरस्कार प्रदान किया।

ब्रिटिश संसद में आयोजित समारोह के दौरान सांसद रूथ कैडबरी (बाएं) नौ वर्षीय येदिता शर्मा (मध्य) को 'आईआईडब्ल्यू शी इन्सपायर्स अवार्ड' प्रदान करते हुए।
राजस्थान की माटी की प्रतिभा ने सात समंदर पार ब्रिटेन की संसद में गौरव का परचम लहराया है। गंगापुर सिटी के पारस शर्मा और जयपुर के लाल कोठी निवासी रिचा शर्मा की मात्र 9 वर्षीया सुपुत्री येदिता शर्मा को ब्रिटिश पार्लियामेंट में आयोजित एक गरिमामय समारोह में प्रतिष्ठित 'आईआईडब्ल्यू शी इन्सपायर्स अवार्ड' से नवाजा गया है। येदिता को यह सम्मान म्यूजिक, आर्ट, ड्रामा और मीडिया के क्षेत्र में अर्जित उनकी उल्लेखनीय सफलताओं के लिए 'ब्राइट आर्टिस्ट' श्रेणी में प्रदान किया गया है। लेबर पार्टी की ब्रेंटवफोर्ड एंड आइजलवर्थ से हाउस ऑफ कॉमंस की सांसद रूथ कैडबरी ने नन्हीं येदिता को सम्मानित करते हुए उनके असाधारण कार्यों की भूरि-भूरि सराहना की, जिसके बाद उनके ननिहाल जयपुर की लाल कोठी में त्यौहार जैसा उत्सव का माहौल व्याप्त है।
लंदन स्थित संस्था 'इन्सपायरिंग इंडियन वूमन' (आईआईडब्ल्यू), जो अप्रवासी भारतीय महिलाओं के व्यक्तित्व विकास, आर्थिक सशक्तीकरण और उन्हें अपनी जड़ों से जोड़े रखने हेतु समर्पित है, ने येदिता को उनके चैरिटी कार्यों और भारतीय संस्कृति के वैश्विक प्रचार-प्रसार के लिए इस गौरवशाली सम्मान हेतु चयनित किया। येदिता वर्तमान में ब्रिटिश बच्चों, विशेषकर भारतीय मूल के प्रवासी बच्चों के मध्य भारतीय कला और संस्कृति का परिचय करा रही हैं। इसके साथ ही, वे वंचित बच्चों के लिए मोबाइल और साझा लाइब्रेरी के माध्यम से ज्ञान एवं डेटा तक समान पहुंच सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उल्लेखनीय है कि येदिता इससे पूर्व भारतीय शास्त्रीय नृत्य के क्षेत्र में भी कई पुरस्कार जीतकर अपनी विलक्षण प्रतिभा और कड़ी मेहनत का लोहा मनवा चुकी हैं।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए येदिता शर्मा ने भविष्य में भी समाज सेवा और सकारात्मक बदलाव लाने के अपने संकल्प को दोहराया है। येदिता की दादी चंदा देवी ने विदेश में रहकर भी सांस्कृतिक मूल्यों को सहेजने का श्रेय परिवार के संस्कारों को दिया है, वहीं आईआईडब्ल्यू की फाउंडर सीईओ रश्मि मिश्रा और डाइरेक्टर शिप्रा ने भी उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह वैश्विक उपलब्धि न केवल येदिता के परिवार के लिए, बल्कि गंगापुर सिटी, जयपुर और संपूर्ण राजस्थान राज्य के लिए गर्व का विषय बनकर उभरी है। येदिता का यह मिशन प्रवासी भारतीयों की नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली विरासत से जोड़ने की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करता है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
