विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय, कोटा द्वारा महर्षि गौतम टीटी कॉलेज एवं मदर टेरेसा सीनियर स्कूल के सहयोग से शनिवार को वीर सावरकर नगर, कोटा स्थित परिसर में जनसंख्या स्थिरता, स्वस्थ परिवार एवं सतत विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जनसंख्या संबंधी विषयों पर अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय, कोटा के सहायक निदेशक श्री रामेश्वर लाल मीणा ने कहा कि विश्व जनसंख्या दिवस समाज को जनसंख्या संबंधी चुनौतियों और उनके समाधान के प्रति जागरूक करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि जनसंख्या स्थिरता, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं तथा महिलाओं की सशक्त भागीदारी विकसित भारत के निर्माण की आधारशिला हैं। उन्होंने युवाओं से अपने परिवार और समाज में जनजागरूकता का संदेश पहुंचाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर महर्षि गौतम टीटी कॉलेज के निदेशक योगेंद्र शर्मा, मदर टेरेसा सीनियर स्कूल की प्राचार्य मान कुंवर, भारत विकास परिषद के प्रांतीय कोषाध्यक्ष महेंद्र सिंह सिंघवाल, प्रांतीय गतिविधि प्रभारी महावीर प्रसाद शर्मा, चाणक्य शाखा के सदस्य हेमराज चित्तौड़ा तथा शाखा अध्यक्ष राजीव पालीवाल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने जनसंख्या नियंत्रण, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक उत्तरदायित्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने जनसंख्या, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रश्नों के उत्तर उत्साहपूर्वक दिए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को केंद्रीय संचार ब्यूरो की ओर से पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर भारत विकास परिषद, महाविद्यालय एवं विद्यालय के विद्यार्थियों, प्राध्यापकों तथा स्टाफ सदस्यों ने स्वस्थ, शिक्षित और जागरूक समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने तथा जनसंख्या स्थिरता का संदेश घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

नाम: मदन मोहन गर्ग

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)

कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला

बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र

परिचय 

मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:

  • बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
  • एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)

Next Story