कोटा, 22 अप्रैल 2026। विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश देते हुए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय कोटा द्वारा सुधा फार्मेसी कॉलेज, नयागांव, रावतभाटा रोड कोटा के सभागार में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहायक निदेशक श्री रामेश्वर लाल मीणा ने स्पष्ट कहा कि पृथ्वी की सुरक्षा केवल एक दिन का दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक दिन पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग रहना आवश्यक है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण हम सभी की साझा जिम्मेदारी है और विश्व पृथ्वी दिवस का मूल उद्देश्य पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना, प्रदूषण को कम करना तथा पृथ्वी को सुरक्षित रखने के लिए लोगों को प्रेरित करना है।

उन्होंने जानकारी दी कि विश्व पृथ्वी दिवस प्रतिवर्ष 22 अप्रैल को मनाया जाता है, जिसकी शुरुआत वर्ष 1970 में अमेरिकी सीनेटर गेलॉर्ड नेल्सन द्वारा की गई थी और आज यह दिवस 193 से अधिक देशों में मनाया जा रहा है।

इस अवसर पर कॉलेज प्राचार्य श्री राज राजेश्वर सिंह ने वर्ष 2026 की थीम “हमारी शक्ति, हमारा ग्रह” पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह थीम नवीकरणीय ऊर्जा, जलवायु संतुलन और पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल देती है। उन्होंने कहा कि यह दिवस ग्लोबल वार्मिंग और प्रदूषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा पृथ्वी की रक्षा का संकल्प लेने का महत्वपूर्ण अवसर है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई तथा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित कर विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन केंद्रीय संचार ब्यूरो के तकनीकी सहायक प्रेम सिंह यादव ने किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण मोहित नागर, रवि नागर, विश्वजीत सिंह, नितिन वर्मा, हिमांशु गौतम, हेमंत खटीक, मोना सोलंकी एवं मोहम्मद जावेद सहित बड़ी संख्या में एएनएम एवं जीएनएम के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी को रेखांकित करते हुए समाज में जागरूकता का मजबूत संदेश दिया।

Updated On
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story