सवाई माधोपुर, 1 दिसंबर। जिले में बिजली, पानी, शिक्षा, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सेवाओं के प्रबंधन व सुधार को गति देने के लिए सोमवार को जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लम्बित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण, गरीबी मुक्त गांव योजना के लाभार्थियों का सशक्तिकरण, और प्रदेश सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों पर विशेष ध्यान दिया गया।

जिला कलक्टर ने गरीबी मुक्त गांव योजना में चयनित परिवारों को योजनाओं से लाभान्वित करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के निर्देश दिए। नगर परिषद क्षेत्र में सीवरेज सफाई के कार्यों में सुधार लाने, पीएम स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को लाभ प्रदान करने की भी स्पष्ट रूपरेखा तय की गई।

प्रदेश सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित कार्यक्रमों को लेकर उन्होंने कहा कि सभी आयोजन सुव्यवस्थित, गरिमापूर्ण, समयबद्ध और जनसहभागिता के साथ आयोजित किए जाएं। कार्यक्रमों की सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण हों और विभागीय समन्वय सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही पालनहार योजना, दिव्यांग पेंशन योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित अन्य योजनाओं के पात्र लाभार्थियों का सत्यापन कर लाभ प्रदान करने के निर्देश सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक को दिए गए। श्यामाप्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना हेतु कार्ययोजना तैयार कर प्रस्ताव भेजने की भी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई।

बैठक में यूरिया उर्वरक की कालाबाजारी रोकने के साथ-साथ किसानों में नियमित वितरण सुनिश्चित करने हेतु संयुक्त निदेशक कृषि को निर्देश दिए गए। बामनवास में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए भूमि आवंटन का भ्रमण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश एक्सईएन पीडब्ल्यूडी को दिए गए। साथ ही राजकीय विद्यालयों के जर्जर भवन और आंगनबाड़ी केंद्रों के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

जिला कलक्टर ने राजस्थान सम्पर्क पोर्टल (सीएम हेल्पलाइन-181) पर प्राप्त प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण पर जोर देते हुए कहा कि कोई भी प्रकरण 60-90 दिन से अधिक समय तक लंबित न रहे। उन्होंने पोर्टल पर सुधार कार्यों की सराहना की और विभागीय अधिकारियों से और अधिक दक्षता के साथ प्रकरणों का समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुड़ानिया, अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सिंह, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलेन्द्र सिंह, अधीक्षण अभियंता विद्युत बीएल मीना, सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार जैमिनी, पीएमओ डॉ. तेराज मीना, जिला रसद अधिकारी रामभजन और सभी उपखण्ड अधिकारी वीसी के माध्यम से उपस्थित रहे।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story