कोटा: बेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ के मंडल सचिव अब्दुल खालिक का जन्मदिवस मनाया
कोटा रेल मंडल संघ कार्यालय में रेल कर्मचारियों ने केक काटकर और माला पहनाकर मंडल सचिव अब्दुल खालिक का 56वां जन्मदिन उत्साह के साथ मनाया।

कोटा स्थित बेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ (WCRMS) कार्यालय में मंडल सचिव अब्दुल खालिक (गले में माला पहने हुए) के 56वें जन्मदिवस समारोह के अवसर पर केक काटने के दौरान उपस्थित रेल कर्मचारी और संघ के सदस्य।
बेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ के कोटा मंडल सचिव अब्दुल खालिक का 56वां जन्मदिवस संघ कार्यालय कोटा में रेल कर्मचारियों ने उत्साह और उमंग के साथ मनाया। कार्यक्रम के दौरान संघ कार्यालय का वातावरण जश्न में डूबा नजर आया और पूरा परिसर “अब्दुल खालिक जिंदाबाद” के नारों से गूंज उठा।
संघ प्रवक्ता वीएस गुर्जर ने बताया कि रेल कर्मचारियों ने मंडल सचिव अब्दुल खालिक को फूल-मालाएं पहनाकर एवं साफा बांधकर जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। कर्मचारियों ने उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु जीवन और यशस्वी राजनीतिक भविष्य की मंगलकामना की। कार्यक्रम में केक काटकर खुशी व्यक्त की गई तथा कर्मचारियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि अब्दुल खालिक के नेतृत्व में बेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि अब्दुल खालिक युवाओं के प्रेरणा स्रोत हैं तथा संगठन को नई ऊर्जा देने के साथ कार्यकर्ताओं को लगातार प्रेरित करने का कार्य कर रहे हैं। कार्यक्रम में रेल कर्मचारियों की बड़ी संख्या मौजूद रही और सभी ने एकजुट होकर मंडल सचिव के नेतृत्व पर विश्वास जताया।
जन्मदिवस समारोह ने न केवल संगठनात्मक एकता का प्रदर्शन किया, बल्कि रेल कर्मचारियों के बीच अब्दुल खालिक की मजबूत पकड़ और लोकप्रियता को भी उजागर किया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
