राजस्थान शिक्षक संघ (सियाराम) उप शाखा वजीरपुर की बैठक मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर आयोजित की गई। बैठक में प्रतियोगी परीक्षाओं में अध्यापकों की अभिजागर के रूप में लगाई जाने वाली ड्यूटी व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा करते हुए शिक्षकों ने अपनी आपत्तियां और सुझाव रखे।

बैठक में बताया गया कि प्रतियोगी परीक्षा का समय केवल दो घंटे का होता है, लेकिन अभिजागर के रूप में नियुक्त शिक्षकों को दो से तीन घंटे पहले परीक्षा केंद्र पर बुला लिया जाता है। इसके साथ ही सुबह और शाम दोनों शिफ्टों में परीक्षा आयोजित होने के कारण शिक्षकों की ड्यूटी प्रातः 7:00 बजे से सायं 6:00 बजे तक लगातार रहती है। शिक्षकों ने यह भी कहा कि परीक्षा केंद्र अधिकांश मामलों में उनके कार्यस्थल से दूर होते हैं, जिससे अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ता है।

शिक्षकों ने बैठक में यह भी मुद्दा उठाया कि अधिकांश प्रतियोगी परीक्षाएं रविवार को आयोजित होती हैं। छह दिनों तक नियमित कार्य करने के बाद मिलने वाला रविवार भी इस प्रकार की ड्यूटी में व्यतीत हो जाता है, जिससे शिक्षकों को पर्याप्त विश्राम नहीं मिल पाता। बैठक में सुझाव दिया गया कि अलग-अलग शिफ्टों में अलग-अलग अभिजागर लगाए जाएं, अर्थात प्रत्येक शिक्षक की ड्यूटी केवल एक ही पारी में लगाई जाए। इसके साथ ही रविवार को ड्यूटी लेने के बदले अगले दिन का अवकाश देने की भी मांग की गई। प्रतियोगी परीक्षा के एक ही दिवस में दोनों पारियों के लिए अलग-अलग शिक्षकों की ड्यूटी लगाने का विचार भी बैठक में व्यक्त किया गया।

प्रतियोगी परीक्षाओं में शिक्षकों को दो-दो पारियों में लगाने के संबंध में 9 जुलाई 2026, गुरुवार को सभी शिक्षक संगठनों की संयुक्त बैठक सायं 6:00 बजे पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, गंगापुर सिटी के पीछे स्थित पार्क में आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसके बाद 10 जुलाई 2026 को दोपहर 2:00 बजे अतिरिक्त जिला कलेक्टर महोदय, गंगापुर सिटी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस कार्यक्रम में गंगापुर ब्लॉक के सभी शिक्षक एवं शिक्षक संगठनों को सादर आमंत्रित किया गया है।

बैठक में मुजम्मिल अहमद, पवन शर्मा, अरुण शर्मा, हेमराज, नरेश सिसोदिया, शिवम शर्मा एवं अन्य शिक्षक बंधु उपस्थित रहे। बैठक में प्रतियोगी परीक्षाओं की ड्यूटी व्यवस्था में बदलाव की मांग को लेकर आगे संयुक्त रूप से कार्रवाई करने पर भी सहमति व्यक्त की गई।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story