गुलाल होली के रंग में सराबोर हुईं छात्राएं, महिला दिवस पर वजीरपुर कन्या कॉलेज में व्याख्यान व सांस्कृतिक कार्यक्रम
कार्यक्रम में छात्राओं ने महिला अधिकारों पर विचार रखे, नृत्य प्रस्तुतियां दीं और होली मिलन के तहत गुलाल खेलकर सहभागिता की।

वजीरपुर। नारी स्वतंत्रता, समानता और सम्मान के संघर्ष का प्रतीक अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस राजकीय कन्या महाविद्यालय वजीरपुर में उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय में व्याख्यान और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए, जहां छात्राओं ने लोकगीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर और गुलाल होली खेलकर कार्यक्रम में रंग भर दिए।
कार्यक्रम की शुरुआत महिला दिवस पर बधाई और शुभकामनाओं के साथ हुई। संचालन भूगोल प्राध्यापक डॉ. ऋषिकेश गुर्जर ने किया, जबकि छायांकन सेमेस्टर तृतीय की छात्रा शिप्रा कुमारी बंशीवाल ने किया। छात्रा चेल्सी मित्तल, पायल सैनी और शिप्रा कुमारी बंशीवाल ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए उपस्थित सभी को शुभकामनाएं दीं।
नोडल अधिकारी प्रो. रमेश बैरवा ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह दिवस महिलाओं के संघर्षों और बीसवीं सदी के नारीवादी आंदोलनों से प्रेरित होकर रूढ़ियों को तोड़ने और महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर देता है। उन्होंने बताया कि 1977 में संयुक्त राष्ट्र संघ ने 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में आधिकारिक मान्यता दी। संयुक्त राष्ट्र हर वर्ष इस दिवस के लिए एक विशेष थीम निर्धारित करता है और वर्ष 2026 के लिए थीम “अधिकार, न्याय, कार्रवाई — सभी महिलाओं और लड़कियों के लिए” तय की गई है।
प्रो. बैरवा ने कहा कि आधी आबादी महिलाएं आज भी बड़ी संख्या में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और गरिमामय जीवन के मानव अधिकारों से वंचित हैं। महिलाओं को जो भी अधिकार मिले हैं, वे एकता, संघर्ष और शिक्षा की बदौलत ही संभव हुए हैं। उन्होंने छात्राओं से जागरूक होकर एकजुट रहने और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष को और मजबूत करने का आह्वान किया। साथ ही 9 मार्च से शुरू होने वाली सेमेस्टर परीक्षाओं के लिए छात्राओं को शुभकामनाएं दीं।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सेमेस्टर तृतीय की छात्रा ज्योति कंवर, सेमेस्टर पंचम की छात्रा पिंकी माली तथा सेमेस्टर प्रथम की छात्राएं पायल कुमारी बैरवा, रानी राजावत, किरण मीणा और मोनिका मीणा सहित अनेक छात्राओं ने रंगारंग नृत्य प्रस्तुतियां दीं। छात्राओं ने इन प्रस्तुतियों का जमकर आनंद लिया। बड़ी संख्या में उपस्थित छात्राओं ने लोकगीतों पर नृत्य कर और गुलाल होली खेलकर कार्यक्रम को और भी रोचक बना दिया। महाविद्यालय परिसर में होली मिलन की धूम दिखाई दी।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहायक कर्मचारी सोहन सिंह योगी, सुनील कुमार बैरवा, लक्ष्मण सिंह और कन्हैया ने सहयोग किया।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)
नाम: मदन मोहन गर्ग
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)
कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला
बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र
परिचय
मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:
- बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
- एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)
