सवाई माधोपुर में राज्य सरकार की ओर से मिशन लाइफ के तहत 1 से 7 नवंबर, 2026 तक आयोजित किए जा रहे ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह का रविवार को शुभारंभ हुआ। सप्ताह के पहले दिन सवाई माधोपुर वन मंडल के विभिन्न वन क्षेत्रों, रेंज कार्यालयों, वन नाकों और पौधशालाओं में ‘स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं’ थीम के तहत जागरूकता एवं जनभागीदारी से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की गईं। पहले दिन करीब 475 प्रतिभागियों ने इन गतिविधियों में हिस्सा लेकर स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण की शपथ के साथ हुई। इस अवसर पर सवाई माधोपुर वन मंडल, रणथम्भौर टाइगर प्रोजेक्ट एवं राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के संयुक्त तत्वावधान में योग सत्र आयोजित किया गया। इसमें अधिकारियों और कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने मिशन लाइफ की शपथ लेकर स्वस्थ एवं पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने का संकल्प व्यक्त किया।

शारीरिक सक्रियता और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के लिए मैत्री क्रिकेट मैच भी आयोजित किया गया। इसके माध्यम से नियमित व्यायाम, खेलकूद और शारीरिक सक्रियता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।

इसके साथ ही विभिन्न रेंज कार्यालयों, वन नाकों एवं पौधशालाओं में मिशन लाइफ की शपथ दिलाई गई। इन स्थानों पर परिसर की साफ-सफाई, पौधारोपण और पौधों की देखभाल से जुड़ी गतिविधियां भी आयोजित हुईं। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों ने भी शपथ ग्रहण और जागरूकता कार्यक्रमों में सहभागिता की।

सप्ताह के प्रथम दिवस आयोजित विभिन्न गतिविधियों में लगभग 475 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनके माध्यम से अधिकारियों, कार्मिकों एवं आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, हरित आवरण में वृद्धि और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया।

सवाई माधोपुर वन मंडल की ओर से सप्ताह के आगामी दिनों में भी निर्धारित थीम के अनुरूप जनजागरूकता, जनभागीदारी और पर्यावरण संरक्षण से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। सात दिवसीय इस आयोजन के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण के अनुकूल आदतों को अपनाने के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story