वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान की शुरुआत, यूथ कांग्रेस ने उठाई लोकतंत्र बचाने की शपथ
सवाई माधोपुर में यूथ कांग्रेस ने “वोट चोर गद्दी छोड़” हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की। राष्ट्रीय महासचिव विकास चोगना और कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में हुए इस कार्यक्रम में लोकतंत्र की रक्षा और फर्जी मतदाताओं के खिलाफ जनजागरण पर जोर दिया गया

सवाई माधोपुर।
यूथ कांग्रेस ने रविवार को “वोट चोर गद्दी छोड़” हस्ताक्षर अभियान की जोरदार शुरुआत मानटाउन क्लब, बजरिया सवाई माधोपुर से की। इस अभियान का उद्देश्य लोकतंत्र को मजबूती देना और फर्जी मतदाताओं के खिलाफ जनजागरण फैलाना है। कार्यक्रम में यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव विकास चोगना, राष्ट्रीय सचिव ज्ञानेंद्र शुक्ला, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष यशवीर सुरा और सुधीर मुंड ने विशेष रूप से भाग लिया।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष गिर्राज सिंह गुर्जर ने कहा कि संगठन सर्वोपरि है और यूथ कांग्रेस पार्टी की रीढ़ की हड्डी है। उन्होंने बताया कि 4 नवंबर से 11 दिसंबर तक चलने वाले SIR अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सरकार द्वारा नियुक्त बीएलओ से संपर्क कर मतदाता सूची में पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए। उनका कहना था कि “असली मतदाता छूटे नहीं और फर्जी मतदाता लाइन से दूर रहें”, यही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।
कार्यक्रम के पश्चात सिविल लाइन स्थित कांग्रेस कार्यालय में अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ की बैठक भी आयोजित हुई, जिसमें राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर बाबूलाल सांखला ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि “वोट चोर गद्दी छोड़” अभियान राष्ट्रीय स्तर पर लिया गया एक महत्वपूर्ण निर्णय है और यह लोकतंत्र की रक्षा का प्रतीक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें ताकि भारतीय जनता पार्टी द्वारा कथित रूप से वोट चोरी के जरिए सत्ता में बने रहने के प्रयासों को जनता के सहयोग से रोका जा सके।
यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव विकास चोगना ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा का यह रवैया संविधान पर सीधा हमला है और यूथ कांग्रेस लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। बैठक के अंत में यूथ कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र मीणा ने सभी कार्यकर्ताओं और उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
यह अभियान न केवल संगठन की एकजुटता का प्रतीक बना, बल्कि इसने यह भी संदेश दिया कि युवा पीढ़ी लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए संकल्पबद्ध है।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
