जयपुर। विप्र प्रीमियर लीग-3 का तीसरा दिन रोमांचक मुकाबलों और उत्कृष्ट प्रदर्शन का साक्षी बना, जिसमें टीम वशिष्ठ, टीम चाणक्य और टीम कौटिल्य ने अपनी जीत से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दिन की शुरुआत भगवान परशुराम के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुई, जिसमें सभी अतिथियों और कमेटी सदस्यों ने भाग लिया।

दिन का पहला मुकाबला टीम वशिष्ठ और टीम भारद्वाज के बीच खेला गया। टॉस के जिम्मे बोस दीलीप तिवारी रहे। टीम वशिष्ठ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और कप्तान के निर्णय को सही साबित करते हुए टीम के बल्लेबाज देवकीनंदन ने 35 रन की आतिशी पारी खेली। टीम ने निर्धारित ओवरों में 147 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में उतरी टीम भारद्वाज की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन राजीव को छोड़कर कोई बल्लेबाज टिक नहीं पाया और टीम 116 रन पर ऑल आउट हो गई। इस प्रकार टीम वशिष्ठ ने यह मुकाबला 31 रन से अपने नाम किया। मैच का मैन ऑफ द मैच मोहित त्रिवेदी रहे।

दूसरे मुकाबले में टीम अगस्त्य और टीम चाणक्य आमने-सामने थीं। टॉस के जिम्मे घनश्याम जी शर्मा थे। टीम चाणक्य ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। सलामी बल्लेबाज जल्दी आउट हुए, लेकिन शैलेंद्र पाराशर और हिमांशु शर्मा ने पारी को संभाला। हिमांशु शर्मा ने शानदार 63 रन की अर्धशतकीय पारी खेली, जिससे टीम ने 15 ओवर में 147 रन बनाए। टीम अगस्त्य ने अच्छी शुरुआत की और अंकित व हर्ष ने टीम को संभाला, लेकिन अंत में टीम 140 रन ही बना सकी। इस मुकाबले का मैन ऑफ द मैच हिमांशु शर्मा रहे।

तीसरे और अंतिम मुकाबले में टीम कौटिल्य और टीम कश्यप की भिड़ंत हुई। टॉस के जिम्मे पूर्व पार्षद अशोक शर्मा थे। टीम कौटिल्य ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शुरुआती विकेट जल्दी गंवा दिए, लेकिन निखिल और पुनीत की शानदार पारियों और अंत में चेतन की छोटी पारी के दम पर टीम ने 6 विकेट के नुकसान पर 137 रन बनाए। जवाब में उतरी टीम कश्यप के ओपनर तपोधन और अंकित ने अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन अंकित के आउट होने के बाद टीम लड़खड़ा गई और पूरी टीम 122 रन पर ऑल आउट हो गई। मैच का मैन ऑफ द मैच पुनीत शर्मा रहे, जिन्होंने 43 रन बनाए और तीन विकेट चटकाए।

मैचों के दौरान मनीष शर्मा, मोहित त्रिवेदी, बीएस शर्मा, राजेश शर्मा, रजनीश उपाध्याय, राकेश जैमिनी और समस्त कमेटी सदस्य उपस्थित रहे। इस दिन के रोमांचक मुकाबलों ने विप्र प्रीमियर लीग-3 को दर्शकों के लिए यादगार बना दिया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story