विप्र समाज में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले युवाओं को सम्मानित करने की परंपरा के तहत विप्र फाउंडेशन द्वारा एक महत्वपूर्ण आयोजन किया गया। इसी क्रम में रविवार को विप्र फाउंडेशन राजस्थान जोन एक-डी के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. हेमंत शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान प्रशासनिक सेवा में हाल ही में चयनित राकेश उपाध्याय एवं शालिनी शर्मा का सम्मान किया गया।

विप्र फाउंडेशन राजस्थान जोन एक-डी के जिला गंगापुर सिटी युवा जिलाध्यक्ष धनेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि संगठन के नैतिक दायित्व के निर्वहन के अंतर्गत यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चयनित दोनों अभ्यर्थियों को स्मृति चिन्ह एवं दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया तथा उनके परिवारजनों को भी बधाई दी गई।

इस अवसर पर विप्र फाउंडेशन के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. हेमंत शर्मा ने कहा कि वैश्विक संगठन विप्र फाउंडेशन समय-समय पर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं सहित अन्य क्षेत्रों में अपनी लगन और मेहनत से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को सम्मानित करता रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का सम्मान संपूर्ण समाज के लिए गौरव का विषय है तथा इससे नई पीढ़ी के युवाओं को प्रेरणा मिलती है, जो अपने लक्ष्य की प्राप्ति हेतु प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में और अधिक मेहनत एवं लगन के साथ आगे बढ़ते हैं।

कार्यक्रम में सुरेश चंद शर्मा, देवेंद्र पाठक, बालकृष्ण शर्मा, दिलीप तिवाड़ी, विष्णु गुरुजी, राजकुमार उपाध्याय, जितेंद्र शर्मा, मदन मोहन शर्मा, मिथलेश व्यास, धर्मेंद्र शर्मा, सतीश शर्मा, जितेंद्र शर्मा, गोविंद पाराशर एवं दुर्गेश शर्मा सहित अनेक संगठन पदाधिकारी एवं विप्रजन उपस्थित रहे।

यह सम्मान समारोह न केवल चयनित युवाओं के उत्साहवर्धन का माध्यम बना, बल्कि समाज में शिक्षा, परिश्रम और प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति जागरूकता एवं प्रेरणा का भी एक सशक्त संदेश देकर संपन्न हुआ।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story