सवाई माधोपुर, 29 नवम्बर। रबी सीजन के पूर्व किसानों को उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित करने और अवैध भंडारण व कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए कृषि विभाग ने जिले भर में कड़ा रुख अपनाया है। शनिवार को कृषि आयुक्तालय, पंत भवन जयपुर के निर्देश पर कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने बौंली कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में खाद-बीज विक्रेताओं की दुकानों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण दल का नेतृत्व कृषि आयुक्तालय के उप निदेशक कृषि गुण नियंत्रण, डॉ. प्रेमचंद वर्मा ने किया। टीम में अतिरिक्त निदेशक कृषि (तिलहन) देशराज सिंह, सहायक निदेशक राधारमण शर्मा, उप निदेशक कृषि डॉ. हब्बल सिंह और संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) राकेश कुमार अटल शामिल रहे।

निरीक्षण के दौरान बौंली, शिशोलाव, खिरनी और मलारना डूंगर क्षेत्र की दर्जनों खाद-बीज फर्मों की जांच की गई। जिनमें हिन्दुस्तान ट्रेडिंग कम्पनी, गौरव ट्रेडिंग कम्पनी, रचना ट्रेडिंग कम्पनी, सत साहिब खाद-बीज भंडार, श्रीनाथ खाद-बीज भंडार, कृष्णा खाद-बीज भंडार एवं प्रजापति खेती-बाड़ी केन्द्र, ऐके एंटरप्राइज (बागड़ोली) और खिरनी के रामस्नेही खाद-बीज भंडार, महेश ट्रेडर्स एवं हिमांशु खाद-बीज भंडार प्रमुख थे। निरीक्षण के दौरान कई दुकानों में रिकॉर्ड, स्टॉक और लाइसेंसिंग से संबंधित गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।

इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित फर्मों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। शिशोलाव स्थित कृष्णा खाद-बीज भंडार और प्रजापति खेती-बाड़ी केन्द्र निरीक्षण के समय बंद पाए गए, जबकि हिन्दुस्तान ट्रेडिंग कम्पनी की खाद बिक्री तत्काल प्रभाव से रोक दी गई। गौरव ट्रेडिंग कम्पनी से डीएपी और एस.एस.पी. के नमूने परीक्षण के लिए लिए गए। अनियमितताओं के चलते हिन्दुस्तान ट्रेडिंग कम्पनी, रचना ट्रेडिंग कम्पनी, श्रीनाथ ट्रेडिंग कम्पनी और कृष्णा खाद-बीज भंडार (शिशोलाव) के अनुज्ञापत्र निलंबित कर दिए गए।

अतिरिक्त निदेशक कृषि, देशराज सिंह ने बताया कि जिले में नवंबर माह में 14,500 मैट्रिक टन यूरिया की आपूर्ति की जा चुकी है और यूरिया सहित अन्य उर्वरकों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि रबी सीजन में किसी भी किसान को खाद की कमी नहीं होने दी जाएगी और सभी किसान निश्चिंत होकर अपनी कृषि गतिविधियां कर सकते हैं।

साथ ही उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपनी फसलों की वास्तविक आवश्यकता के अनुसार ही उर्वरक खरीदें और अनावश्यक भंडारण या अधिक मात्रा में खरीद से बचें, ताकि सभी किसानों को समय पर और पर्याप्त मात्रा में खाद मिल सके।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story