खानपुरिया में VB-G RAM G पर जागरूकता, ग्रामीणों को योजना की जानकारी और रोजगार संदेश
खानपुरिया में VB-G RAM G जागरूकता कार्यक्रम में ग्रामीणों को रोजगार योजना की जानकारी दी गई और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित हुई।

लाड़पुरा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत कसार के ग्राम खानपुरिया में विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) (VB-G RAM G) को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय, कोटा की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों को योजना के उद्देश्य, प्रावधानों और कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहायक निदेशक रामेश्वर लाल मीणा ने बताया कि योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाना, टिकाऊ परिसंपत्तियों का निर्माण करना, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना तथा आधारभूत सुविधाओं का विकास कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना है। उन्होंने ग्रामीणों को योजना के प्रमुख प्रावधानों से अवगत कराते हुए बताया कि इसके अंतर्गत पात्र ग्रामीण परिवारों को प्रत्येक वित्तीय वर्ष में 125 दिनों के रोजगार का प्रावधान किया गया है। निर्धारित समय में कार्य उपलब्ध नहीं होने पर नियमानुसार बेरोजगारी भत्ता भी देय है।
उन्होंने योजना के तहत जल संरक्षण, तालाबों के निर्माण एवं पुनर्जीवन, वर्षा जल संचयन, ग्रामीण सड़क निर्माण, सिंचाई सुविधाओं के विकास, वृक्षारोपण तथा सामुदायिक परिसंपत्तियों के निर्माण जैसे कार्यों की जानकारी दी। साथ ही बायोमेट्रिक उपस्थिति, जियो-टैगिंग, ऑनलाइन निगरानी, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) एवं सामाजिक अंकेक्षण जैसी व्यवस्थाओं के माध्यम से योजना में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित किए जाने की जानकारी भी साझा की।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों के साथ योजना को लेकर प्रश्नोत्तर संवाद आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने योजना से संबंधित जानकारी प्राप्त की। इसके बाद योजना आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विजेता प्रतिभागियों को विभाग की ओर से पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर रोजगार सहायक हरिओम गौतम, पंचायत कनिष्ठ सहायक लक्ष्मी सरोन्जा, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, खानपुरिया के अध्यापक मदन मोहन सहित ग्राम के महिला एवं पुरुष बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को VB-G RAM G योजना के लाभ, प्रक्रियाओं और रोजगार से जुड़े अवसरों के प्रति जागरूक किया गया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
