बुजुर्गों के सपनों को लगे पंख: वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 का भव्य आगाज
राजस्थान में वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। जयपुर से पहली स्पेशल ट्रेन रामेश्वरम-मदुरै के लिए रवाना हुई। मंत्री जोराराम कुमावत ने दी हरी झंडी। जानें हवाई यात्रा और आगामी ट्रेनों का पूरा शेड्यूल।

जयपुर के दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन पर देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत वरिष्ठ नागरिकों का अभिवादन करते हुए।
जयपुर, 13 जुलाई। देवस्थान विभाग की महत्वाकांक्षी 'वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026' का सोमवार को भव्य आगाज हो गया। योजना के तहत पहली स्पेशल ट्रेन जयपुर के दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन से रामेश्वरम और मदुरै के लिए रवाना हुई, जिसे देवस्थान मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने हरी झंडी दिखाकर और रिबन काटकर रवाना किया। यह ट्रेन 15 जुलाई को रामेश्वरम पहुंचेगी, जहां एक दिन के ठहराव के बाद यात्रियों को मदुरै ले जाया जाएगा और मीनाक्षी मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। ट्रेन पुन: रवाना होकर 20 जुलाई को जयपुर पहुंचेगी। इस अवसर पर दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में पूरा स्टेशन परिसर भजनों और धार्मिक जयकारों से गूंज उठा। कैबिनेट मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने यात्रियों से आत्मीयता के साथ मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देवस्थान मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने कहा कि श्रद्धालु बहुत सौभाग्यशाली हैं जिन्हें श्री रामनाथ स्वामी के दर्शन का बुलावा आया है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की संवेदनशील और दूरदर्शी सोच को दिया और कहा कि उनकी बदौलत प्रदेश के बुजुर्ग बिना किसी आर्थिक चिंता के तीर्थ यात्रा पर जा रहे हैं। मंत्री ने यात्रियों से राजस्थान की खुशहाली, फसलों, गौ-माता की रक्षा और देश की उन्नति के लिए प्रार्थना करने का आग्रह किया।
इस पहली तीर्थ यात्रा ट्रेन में राजस्थान के चार जिलों के कुल 970 वरिष्ठ नागरिक सवार हैं। इनमें दुर्गापुरा स्टेशन से जयपुर के 161, कोटपुतली-बहरोड़ के 177, सवाईमाधोपुर से धौलपुर के 213 और झालावाड़ के 419 श्रद्धालु शामिल हैं। मंत्री कुमावत ने बताया कि आगामी 20 जुलाई को अजमेर, 24 जुलाई को जोधपुर व 30 जुलाई को उदयपुर से भी स्पेशल ट्रेनें रवाना होंगी। साथ ही, 20 जुलाई से 22 सितंबर-2026 तक नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर के लिए हवाई यात्रा का भी शेड्यूल जारी किया गया है। इसके तहत नई दिल्ली से प्रतिदिन 44 वरिष्ठजन रवाना होंगे और कुल 2860 बुजुर्ग पशुपतिनाथ जी के दर्शन करेंगे।
यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए ट्रेन में 30 सरकारी कर्मचारियों का दल, ट्रेन प्रभारी और अनुदेशक तैनात किए गए हैं। स्वास्थ्य संबंधी आपातकालीन जरूरतों के लिए चौबीसों घंटे चिकित्सा स्टाफ भी मौजूद रहेगा। इस कार्यक्रम में जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा सहित अनेक प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
