राजस्थान सरकार के “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान 2026” का जिला स्तरीय शुभारंभ सोमवार प्रातः सूरवाल बांध पर आयोजित हुआ। कृषि, उद्यानिकी, ग्रामीण विकास, आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने पीपल पूजन, जल पूजन और पौधारोपण के जरिए वृहद जल संरक्षण जन जागरूकता अभियान की शुरुआत की। कार्यक्रम में जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का संदेश देते हुए मंत्री ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी दायित्व नहीं, बल्कि सभी लोगों का सामूहिक सामाजिक उत्तरदायित्व है। उन्होंने आमजन, युवाओं, ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों से अभियान में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।

‘जल ग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण विभाग’ की ओर से आयोजित अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान स्थानीय महिलाओं द्वारा कलश यात्रा निकाली गई। कार्यक्रम में संकल्प शपथ, पौधारोपण और श्रमदान जैसी गतिविधियां भी आयोजित की गईं। ग्रामीण महिलाओं के स्वयं सहायता राजीविका समूहों के उत्पादों की स्टॉल भी लगाई गई, जिनका अवलोकन कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने किया। इस दौरान ग्रामीण लोक कलाकारों ने पद दंगल गायन की सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को जनभागीदारी से जोड़ा।

कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि वर्षा जल संरक्षण, जल स्रोतों के पुनर्जीवन और पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास समय की सबसे बड़ी आवश्यकता हैं। उन्होंने कहा कि जब आम लोग और ग्रामीण जन इससे जुड़ेंगे तभी यह अभियान सफल होगा। उन्होंने कहा कि पानी जीवन का आधार है और इसका संरक्षण करके ही जलवायु परिवर्तन तथा धरती के बढ़ते तापमान जैसी गंभीर समस्याओं से प्रभावी तरीके से निपटा जा सकता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी सचिव शिवांगी स्वर्णकार ने कहा कि बीते कुछ वर्षों से लगातार तापमान बढ़ रहा है। इसके स्थायी समाधान के रूप में जल संरक्षण की आवश्यकता को देखते हुए राज्य सरकार ने 13 विभागों को जन जागरूकता अभियान संचालित करने और इसमें सभी की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

जिला कलक्टर काना राम ने बताया कि अभियान की अवधि में जिले में 5 जून तक व्यापक स्तर पर जल संरक्षण, श्रमदान, स्वच्छता, पौधारोपण, जनजागरूकता रैलियां और जल संरचनाओं के पुनर्जीवन से संबंधित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस दौरान जल स्रोतों की सफाई और उनके संरक्षण का कार्य भी किया जाएगा। अभियान की सभी गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कर इसे प्रेरणादायी और जागरूकता फैलाने वाला सफल अभियान बनाया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया, उपवन संरक्षक मानस सिंह, अधीक्षण अभियंता भूजल संरक्षण संजय माथुर, पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कार्मिक, सामाजिक संगठन, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

सूरवाल बांध पर आयोजित इस जिला स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम ने जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और जनभागीदारी को एक मंच पर लाकर यह संदेश दिया कि जल बचाने की लड़ाई केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story