राज्य सरकार के निर्देशानुसार पर्यावरण संरक्षण, वर्षा जल संग्रहण एवं स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026” का जिला स्तरीय शुभारंभ सोमवार को गंगा दशहरा के पावन अवसर पर कैलादेवी के मुख्य कालीसिल घाट पर भव्य रूप से किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर जल संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी सचिव एवं वित्त (व्यय) विभाग की सचिव टीना सोनी ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के जीवन और भविष्य से जुड़ा एक जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रकृति, जल और वृक्षों की पूजा की परंपरा रही है, जिसे आत्मसात करते हुए प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और विवेकपूर्ण उपयोग आवश्यक है। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि जल स्रोतों के संरक्षण, वर्षा जल संचयन एवं पर्यावरण संवर्धन में सक्रिय भागीदारी निभाकर इस अभियान को सफल बनाएं। इस दौरान पीपल वृक्ष एवं जल स्रोतों का पूजन कर प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया गया तथा पीपल पौधे का रोपण भी किया गया।

जिला प्रभारी सचिव ने बताया कि सम्पूर्ण प्रदेश में “वंदे गंगा जल 2026” का शुभारंभ किया गया है, जिसका उद्देश्य आमजन को जल एवं पर्यावरण संरक्षण के कार्यों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि यह 10 दिवसीय अभियान है, जिसके तहत जनता को व्यापक स्तर पर जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण से जोड़ा जाएगा। उन्होंने अपील की कि लोग केवल इन 10 दिनों तक ही नहीं, बल्कि पूरे वर्ष जल एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े रहें तथा वर्षा ऋतु में अधिक से अधिक वृक्षारोपण करें।

इसी क्रम में जिला कलक्टर ने कहा कि गंगा दशहरा के पावन अवसर से प्रारंभ इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनमानस को पर्यावरण एवं जल संरक्षण से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि जुलाई माह में प्रारंभ होने वाले “हरियालो राजस्थान” कार्यक्रम की शुरुआती तैयारी के तहत गड्ढे खोदने, पौध तैयार करने एवं आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने का कार्य पहले ही प्रारंभ किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि जल का उचित उपयोग एवं संरक्षण कर न केवल वर्तमान पीढ़ी की आवश्यकताओं को पूरा किया जा सकता है, बल्कि इसे भावी पीढ़ियों के लिए भी सुरक्षित रखा जा सकता है। यह अभियान जिले के ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर भी आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल, अतिरिक्त जिला कलक्टर हेमराज परिड़वाल, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी लखन सिंह, उपखंड अधिकारी प्रेमराज मीना, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सहायक निदेशक धर्मेन्द्र कुमार मीना सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story