गंगापुर सिटी में वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान का आयोजन
राजस्थान के गंगापुर सिटी में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जल संरक्षण और पौधारोपण के प्रति जनचेतना जगाई गई।

गंगापुर सिटी की ग्राम पंचायत अमरगढ़ में आयोजित 'वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026' के तहत पीपल पूजन करते राजस्थान राज्य अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास आयोग के अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार नायक और अन्य।
गंगापुर सिटी। राजस्थान में जल और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनचेतना का शंखनाद करते हुए शुक्रवार को ग्राम पंचायत अमरगढ़ में ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026’ के अंतर्गत भव्य जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस आयोजन में जल स्रोतों के संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों को बचाने का संदेश मुखर हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्थान राज्य अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास आयोग के अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार नायक ने की, जबकि जिला कलक्टर काना राम की विशेष उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ कलश यात्रा, पीपल पूजन और पौधारोपण के साथ हुआ, जिसके बाद पक्षियों के लिए परिंडे लगाए गए। इस अभियान का मुख्य आकर्षण सुमेल एनीकट सूक्ष्म सिंचाई परियोजना के तहत अमरगढ़ पुलिया पर हुआ जल पूजन और श्रमदान कार्यक्रम रहा, जिसने जल स्रोतों के प्रति मानवीय संवेदनाओं को जागृत किया। लोक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों और पद दंगल के माध्यम से 'जल ही जीवन है' और 'हरियालो राजस्थान' जैसे विषयों पर आमजन को जागरूक किया। इसके साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे तारबंदी योजना और किसान सम्मान निधि की जानकारी भी साझा की गई।
मुख्य अतिथि राजेन्द्र कुमार नायक ने जल संरक्षण को महज सरकारी कार्यक्रम न मानकर इसे प्रत्येक नागरिक का सामाजिक दायित्व बताया। उन्होंने ‘एक परिवार-एक पौधा’ अभियान को जन आंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए प्राकृतिक संसाधनों के संतुलित उपयोग और जैविक खेती को भावी पीढ़ी के लिए अनिवार्य करार दिया। वहीं, पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर ने पीपल और जल पूजन को प्रकृति से जुड़ने का माध्यम बताते हुए आमजन से 'ग्रीनरी और क्लीनरी' को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की।
जिला कलक्टर काना राम ने मानसून पूर्व तैयारियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जिले भर में जल संरक्षण संरचनाओं की साफ-सफाई, गहरीकरण और श्रमदान की गतिविधियां निरंतर जारी हैं। उन्होंने घोषणा की कि इस वर्ष पूरे जिले में 20 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए ग्राम पंचायत स्तर पर युद्धस्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वृक्ष मित्र धन सिंह सैनी, मंगल सैनी, रामकेश माली और बाबू माली को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया, एडीएम सुदर्शन सिंह, एसीईओ शैलेंद्र सिंह, उपखंड अधिकारी बृजेंद्र सिंह मीणा, मुख्यमंत्री कार्यालय से निरीक्षण अधिकारी कनिका शर्मा, पूर्व सभापति शिवरतन अग्रवाल, कार्यक्रम संयोजक सुरेश चंद्र जैन और प्रधान मंजू गुर्जर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। यह आयोजन न केवल जल संरक्षण का संदेश लेकर आया, बल्कि जनभागीदारी से एक सुरक्षित भविष्य की नींव रखने का प्रयास भी बना।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
