"वंदे गंगा" अभियान: जल संरक्षण के लिए जिला कलेक्ट्रेट में सीएसआर कार्यशाला आयोजित
मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में गंगापुर सिटी उपक्रमी संगठन ने जल संरक्षण हेतु 1 लाख रुपये की सहायता राशि सौंपी।

सवाई माधोपुर जिला कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को आयोजित "वंदे गंगा" जल संरक्षण कार्यशाला के दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया और अन्य अधिकारियों को जल संरक्षण कार्यों के लिए 1 लाख रुपये की सीएसआर राशि का चेक सौंपते उपक्रमी संगठन गंगापुर सिटी के प्रतिनिधि।
“वंदे गंगा” जल संरक्षण जन अभियान-2026 के तहत गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय सीएसआर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला की अध्यक्षता मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया ने की। कार्यक्रम में जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और जनहित से जुड़े विकास कार्यों में कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी के माध्यम से अधिकाधिक जनसहयोग बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया ने कहा कि “वंदे गंगा” अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए उद्योग जगत, होटल व्यवसायियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.2 एवं 2.3 के तहत जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, पौधारोपण और जल स्रोतों के पुनर्जीवन जैसे कार्यों में सीएसआर सहयोग महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
उन्होंने संबंधित संस्थाओं और औद्योगिक इकाइयों से पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास आधारित गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। साथ ही जल संरक्षण से जुड़े कार्यों में नवाचार अपनाने और अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया।
कार्यशाला में जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र के महाप्रबंधक पंकज मीणा ने मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान के तहत प्रस्तावित गतिविधियों, गैप फंडिंग, ग्रीन ऑफिस इनिशिएटिव, ऊर्जा दक्षता और जल उपयोग अंकेक्षण से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की।
जल ग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण विकास विभाग के अधीक्षण अभियंता संजय माथुर ने जल संरक्षण गतिविधियों में संस्थागत सहयोग की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने जल संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर उपक्रमी संगठन, गंगापुर सिटी की ओर से जल संरक्षण एवं जनहित कार्यों के लिए एक लाख रुपये की सीएसआर राशि प्रदान की गई। जिला प्रशासन ने इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए इसे अभियान में जनसहभागिता का सकारात्मक उदाहरण बताया।
कार्यशाला में जल ग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण विकास विभाग के अधीक्षण अभियंता संजय माथुर, कृषि उपज मंडी सचिव दिलीप कुमार मीणा, डीआईसीओ प्रियंका मथुरिया, उपक्रमी संगठन गंगापुर सिटी से हनुमान अग्रवाल, संकेत गुप्ता, संतोष गुप्ता, लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष देवेश पीतलिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, सीएसआर से जुड़ी संस्थाओं के प्रतिनिधि, होटल व्यवसायी और औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
