राज्य सरकार के निर्देशानुसार शहरी क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से शहरी सेवा शिविर अभियान-2026 के तहत सेवा पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 12 जून से 15 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 9:30 बजे से सायं 6 बजे तक जिले के नगर परिषद एवं नगर पालिका क्षेत्रों में संचालित होगा।

जिला प्रशासन के अनुसार इन शिविरों के माध्यम से शहरी नागरिकों को विभिन्न विभागीय सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। शिविरों में साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत एवं नई स्ट्रीट लाइट स्थापना, सीवरेज कनेक्शन एवं मरम्मत, सार्वजनिक पार्कों की सफाई, ट्रेड लाइसेंस, फायर एनओसी, स्ट्रीट वेंडर पंजीकरण, उपविभाजन एवं एकीकरण, लीज मुक्ति प्रमाण-पत्र, जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीकरण संबंधी आवेदन सहित अनेक नागरिक सेवाओं का निस्तारण किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मुख्यमंत्री स्वनिधि एवं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम) 2.0 के अंतर्गत घरेलू शौचालय निर्माण के लिए आवेदन भी स्वीकार किए जाएंगे, जिससे पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ सरलता से मिल सके।

जिला कलक्टर काना राम ने बताया कि 19 जून को नगर परिषद सवाई माधोपुर क्षेत्र में वार्ड संख्या 7 से 12 तक के लिए शिविर नगर परिषद परिसर में आयोजित किए जाएंगे। वहीं नगर परिषद गंगापुर सिटी क्षेत्र में 19 एवं 22 जून को वार्ड संख्या 13 से 18 तक के लिए शिविर नगर परिषद सभागार में लगाए जाएंगे।

इसी क्रम में नगर पालिका वजीरपुर क्षेत्र में 19 जून को वार्ड संख्या 5 के लिए नगर पालिका कार्यालय वजीरपुर में तथा नगर पालिका बामनवास क्षेत्र में वार्ड संख्या 5 के लिए नगर पालिका कार्यालय बामनवास में शहरी सेवा शिविर आयोजित होंगे।

नगर पालिका बौंली क्षेत्र में 15 जून से 24 जून तक वार्ड संख्या 1 से 10 तक के लिए नगर पालिका सभागार में शिविर संचालित किए जा रहे हैं। वहीं नगर पालिका खण्डार क्षेत्र में वार्ड संख्या 1 से 25 तक के शहरी सेवा शिविर नगर पालिका खण्डार के सभागार में आयोजित किए जा रहे हैं।

शहरी सेवा शिविर अभियान-2026 का उद्देश्य नागरिकों को सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ उनके निकटतम स्तर पर उपलब्ध कराना है। यह पहल प्रशासन और आमजन के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ-साथ शहरी विकास एवं जनसुविधाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story