नगरीय निकाय चुनाव 2026: सवाई माधोपुर में 27, 29 और 31 अगस्त को ही भरे जाएंगे नामांकन
सवाई माधोपुर में नगरीय निकाय चुनाव 2026 के नामांकन 27, 29 और 31 अगस्त को होंगे। जानें जमा राशि, केंद्र और पूरा चुनाव कार्यक्रम।

नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 के लिए नाम निर्देशन पत्र भरने की प्रक्रिया 27 अगस्त से शुरू होगी। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अभ्यर्थी 27 अगस्त से 31 अगस्त तक प्रातः 10:30 बजे से अपराह्न 3 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत कर सकेंगे। राजकीय अवकाश के कारण इस बार नाम निर्देशन पत्र केवल 27, 29 एवं 31 अगस्त को ही भरे जा सकेंगे।
उप जिला कलक्टर एवं रिटर्निंग अधिकारी नगर परिषद सवाई माधोपुर मांगीलाल ने बताया कि नगरीय निकाय चुनाव के लिए नाम निर्देशन पत्र में अभ्यर्थी की स्वयं, परिवार सहित अन्य विभिन्न प्रकार की विस्तृत जानकारी भरी जानी है। ऐसे में अभ्यर्थियों को नाम निर्देशन की अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना यथाशीघ्र अपना नाम निर्देशन पत्र भरना चाहिए।
नाम निर्देशन पत्र के प्रारूप जिला कलेक्ट्रेट के भूतल स्थित कमरा नंबर 30 में लगाई गई हेल्प डेस्क से प्राप्त किए जा सकते हैं। नगरीय निकाय चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों के लिए प्रतिभूति निक्षेप राशि भी निर्धारित की गई है। नगर परिषद के वार्ड पार्षद के सामान्य वर्ग के उम्मीदवार के लिए 4 हजार रुपये तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं महिला उम्मीदवार के लिए 2 हजार रुपये प्रतिभूति राशि जमा करानी होगी।
इसी प्रकार संबंधित नगर पालिकाओं के वार्ड पार्षद के सामान्य वर्ग के उम्मीदवार के लिए 2 हजार रुपये तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं महिला उम्मीदवार के लिए 1 हजार रुपये प्रतिभूति राशि जमा करानी होगी। राशि जमा करने पर इसकी रसीद दी जाएगी।
नगर परिषद सवाई माधोपुर के वार्ड संख्या 1 से 20 के लिए नाम निर्देशन पत्र जिला कलेक्ट्रेट के भूतल स्थित कमरा नंबर 30, वार्ड संख्या 21 से 40 के लिए कमरा नंबर 32 तथा वार्ड संख्या 41 से 60 के लिए डीओआईटी कार्यालय सवाई माधोपुर में जमा कराए जा सकेंगे। अन्य नगर पालिकाओं के लिए नाम निर्देशन पत्र संबंधित नगर पालिका स्तर पर रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए जा सकेंगे।
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 1 सितम्बर, मंगलवार को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी। 3 सितम्बर, गुरुवार को अपराह्न 3 बजे तक अभ्यर्थिता वापस ली जा सकेगी। 4 सितम्बर, शुक्रवार को चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 9 सितम्बर, बुधवार को प्रथम चरण तथा 11 सितम्बर, शुक्रवार को द्वितीय चरण का मतदान होगा। दोनों चरणों में मतदान प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक कराया जाएगा। इसके बाद 14 सितम्बर, सोमवार को मतगणना होगी। राजकीय अवकाश के चलते नाम निर्देशन के लिए उपलब्ध केवल तीन दिनों को देखते हुए अभ्यर्थियों के लिए समय पर प्रक्रिया पूरी करना महत्वपूर्ण रहेगा।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
