सवाई माधोपुर, 15 नवम्बर। भारत के लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर गंगापुर सिटी में “सरदार@150 – एकता पदयात्रा” का आयोजन किया जाएगा। यह पदयात्रा राष्ट्रीय एकता, अखण्डता और सामाजिक समरसता का संदेश आमजन तक पहुँचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा माय भारत मंच के माध्यम से आयोजित की जा रही है।

अतिरिक्त जिला कलक्टर गंगापुर सिटी, सुदर्शन सिंह तोमर ने बताया कि पदयात्रा का प्रथम चरण रविवार, 16 नवम्बर को सुबह 9 बजे अग्रवाल कॉलेज से प्रारंभ होकर पुरानी अनाज मंडी तक आयोजित होगा। इसमें छात्र-छात्राएं, शिक्षक, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में भाग लेंगे।

दूसरे चरण की पदयात्रा 17 नवम्बर को उपखण्ड मुख्यालय चौथ का बरवाड़ा में आयोजित की जाएगी। यह पदयात्रा घुड़ले वाले बालाजी से प्रारंभ होकर एस्सार पेट्रोल पंप, उपखण्ड अधिकारी कार्यालय, सब्जी मंडी, मुख्य बाजार और भेड़ोला चौराहा होते हुए चौथ का बरवाड़ा मंदिर ट्रस्ट की धर्मशाला तक पहुंचेगी। इस दौरान सरदार पटेल के जीवन, उनके विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर जन-जागरूकता संदेश भी साझा किए जाएंगे।

सुदर्शन सिंह तोमर ने बताया कि दोनों चरणों की पदयात्राएं सौहार्दपूर्ण, प्रेरणादायक और जनसहभागिता पर आधारित होंगी। उन्होंने जिले के नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस पदयात्रा में शामिल होकर सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों को समाज में व्यापक रूप से फैलाने में सहयोग करें।

यह पदयात्रा न केवल सरदार पटेल के योगदान को याद करने का अवसर है, बल्कि राष्ट्रीय एकता और समाज में समरसता की भावना को मजबूत करने का भी माध्यम है। गंगापुर सिटी एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों की सहभागिता इसे एक प्रेरणादायक जन आंदोलन में परिवर्तित कर सकती है।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story