सवाई माधोपुर, 4 दिसंबर। शहर की आधुनिक नागरिक सुविधाओं और सौंदर्यकरण को नए आयाम देने के लिए स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत सवाई माधोपुर में बड़े पैमाने पर विकास कार्य किए जाएंगे। जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई उच्च स्तरीय बैठक में इस योजना को लागू करने के लिए विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई।

बैठक में नगर परिषद के सभापति सुनील तिलकर, यूआईटी चेयरमैन गौरव बुडानिया, नगर परिषद आयुक्त देवेन्द्र जिंदल, कोटा स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अधिकारी और संबंधित विभागों के अभियंता मौजूद रहे। जिला कलक्टर ने हमीर सर्किल से वन विभाग की सीमा तक रणथम्भोर रोड के चौड़ाईकरण और सौंदर्यकरण के साथ-साथ बिजली की तारों को भूमिगत करने और नागरिक सुविधाओं के विकास के लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। इसी क्रम में हमीर सर्किल से पुलिस लाइन तक मुख्य मार्ग पर डिवाइडर का निर्माण, फुटपाथ पर इंटरलॉकिंग टाइलिंग और रोडलाइट व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए भी प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया।

स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत महावीर पार्क का आधुनिकीकरण कर इसे सिटी पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा और इसे इंदिरा मैदान से जोड़ने की योजना बनाई गई है। इसके अलावा, इंदिरा मैदान में एक चौपाटी या फूड कोर्ट का निर्माण करने पर भी विचार किया जा रहा है। बैठक में सब्जी मंडी के स्थानांतरण और नई जगह पर एकीकृत सिटी बस स्टैन्ड के विकास पर भी विचार-विमर्श किया गया।

जिला कलक्टर काना राम ने यह भी निर्देश दिए कि सवाई माधोपुर सर्किट हाउस के लिए विकास योजना बनाई जाए। भैंरू दरवाजा के जीर्णोद्धार के साथ-साथ शहरी क्षेत्र में भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सामुदायिक शौचालयों का निर्माण और उनके समुचित रख-रखाव की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

इस परियोजना से शहर के नागरिक और पर्यटक दोनों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और सवाई माधोपुर का शहरी स्वरूप आधुनिक एवं व्यवस्थित दृष्टि से निखरेगा।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story