रणथम्भौर दुर्ग स्थित विश्वप्रसिद्ध श्री त्रिनेत्र गणेश जी के तीन दिवसीय लक्खी मेला-2026 के दूसरे दिन रविवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों से पहुंचे लाखों श्रद्धालुओं ने श्री त्रिनेत्र गणेश जी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा, स्वच्छता, चिकित्सा, यातायात, पेयजल सहित श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाएं पूरे दिन सुचारू रूप से संचालित रहीं।

जिला कलक्टर काना राम ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने विशेष रूप से वन क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, मेला मार्गों की स्वच्छता और जलभराव वाले स्थानों पर सतर्कता बनाए रखने पर जोर दिया।

इस बार मेले में सफाई व्यवस्था और सुव्यवस्थित भंडारे विशेष रूप से बेहतर नजर आए। ‘स्वच्छ भंडारा–स्वस्थ मेला’ की थीम के तहत भंडारा संचालकों ने साफ-सफाई, डस्टबिन, स्वच्छ पेयजल और श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थित भोजन वितरण की व्यवस्था की है। जिला प्रशासन इन व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर रहा है।

उत्कृष्ट स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा, कचरा प्रबंधन और श्रद्धालु सेवा वाले भंडारों को ‘श्री गणेश स्वच्छ सेवा सम्मान-2026’ प्रदान किया जाएगा। प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के रूप में क्रमशः 21,000 रुपए, 11,000 रुपए और 5,100 रुपए दिए जाएंगे। इसके अलावा पांच उत्कृष्ट भंडारों को 1,100 रुपए के सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

नगर परिषद क्षेत्र में 202 सफाईकर्मी, 8 ट्रैक्टर-ट्रॉली और 23 ऑटो टिपर तथा ग्राम पंचायत क्षेत्र में 160 से अधिक सफाईकर्मी सफाई व्यवस्था में लगाए गए हैं। कचरे का नियमित उठाव और निस्तारण किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से कचरा केवल निर्धारित डस्टबिन में डालने की अपील की है।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए सभी जल स्रोतों और संवेदनशील जलभराव वाले स्थानों पर होमगार्ड एवं सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है। प्रशासन और पुलिस की टीमें भी लगातार निगरानी कर रही हैं। मेले में 24 सिविल डिफेंस स्वयंसेवक विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन और सहायता प्रदान कर रहे हैं।

सुरक्षा व्यवस्था के लिए मेले में 1,241 पुलिस कार्मिक, 7 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और 12 उप पुलिस अधीक्षक तैनात किए गए हैं। प्रमुख मार्गों, प्रवेश-निकास बिंदुओं और भीड़ वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी सहित अन्य माध्यमों से निगरानी की जा रही है।

वन क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए वन विभाग की टीमें संवेदनशील स्थानों पर तैनात हैं। श्रद्धालुओं को निर्धारित मार्गों से ही आवागमन करने और वन क्षेत्र में अनावश्यक रूप से नहीं रुकने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए 104 नेचर गाइड भी विभिन्न नाकों और स्थानों पर सेवाएं दे रहे हैं।

दूर-दराज से ट्रेन से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन से मेला क्षेत्र/गणेशधाम तक 10 रुपए किराए की बस सेवा संचालित की जा रही है। अतिरिक्त यात्री भार को देखते हुए रेल प्रशासन की ओर से सवाई माधोपुर-दुर्गापुरा-सवाई माधोपुर अनारक्षित स्पेशल ट्रेन के अतिरिक्त फेरे भी संचालित किए जा रहे हैं।

मेला क्षेत्र में चिकित्सा दल, एम्बुलेंस और आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था सक्रिय है। वहीं खोया-पाया केन्द्र और पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से बिछुड़े बच्चों, बुजुर्गों एवं परिजनों को मिलाने तथा आवश्यक सूचनाएं प्रसारित करने का कार्य किया जा रहा है।

14 सितम्बर को मेले का मुख्य दिवस होने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखने और आवश्यकता पड़ने पर संसाधनों का तत्काल उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

आपातकालीन सहायता के लिए गणेशधाम मेला कंट्रोल रूम 07462-294100 तथा एसडीएम कार्यालय मेला कंट्रोल रूम 07462-220344 पर संपर्क किया जा सकता है।

जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्गों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का पालन करने, बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने तथा स्वच्छता, अनुशासन और सुरक्षा में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। दूसरे दिन लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बीच स्वच्छता, सुव्यवस्थित भंडारे, सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की निगरानी मेले के संचालन का प्रमुख केंद्र बनी रही।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story