त्रिनेत्र गणेश लक्खी मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
सवाई माधोपुर के रणथम्भौर दुर्ग स्थित श्री त्रिनेत्र गणेश जी का तीन दिवसीय लक्खी मेला-2026 शुरू हुआ। हजारों श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। जिला कलक्टर काना राम ने सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात और मेला व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

तस्वीर में सवाई माधोपुर स्थित रणथम्भौर दुर्ग और उसके नीचे मेला परिसर में जुटे श्रद्धालु, वाहन तथा दुकानें नजर आ रहे हैं।
सवाई माधोपुर, 12 सितम्बर। रणथम्भौर दुर्ग स्थित विश्वप्रसिद्ध श्री त्रिनेत्र गणेश जी का तीन दिवसीय लक्खी मेला-2026 शनिवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ शुरू हुआ। मेले के शुभारंभ दिवस पर जिले सहित विभिन्न क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु गणेशधाम पहुंचे और प्रथम पूज्य श्री त्रिनेत्र गणेश जी के दर्शन कर अपनी हाजिरी दर्ज कराई। मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही से गुलजार रहा।
जिला कलक्टर काना राम ने अलसुबह जोगी महल गेट पहुंचकर परिक्रमा पथ का अवलोकन किया और श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा आवागमन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने श्री त्रिनेत्र गणेश मंदिर पहुंचकर भगवान गणेश जी के दर्शन किए और ढोक लगाकर जिलेवासियों की सुख-समृद्धि एवं मंगल की कामना की।
जिला कलक्टर ने मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं पर निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए।
मेला मजिस्ट्रेट एवं उपखण्ड अधिकारी गौरव मित्तल ने बताया कि जिला कलक्टर काना राम के निर्देशानुसार मेले को सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन एवं मंदिर ट्रस्ट की ओर से समन्वित व्यवस्थाएं की गई हैं। पंचायत समिति सवाई माधोपुर, नगर परिषद, मंदिर ट्रस्ट और पुरातत्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा स्वयंसेवक मेला व्यवस्थाओं में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
श्रद्धालुओं और उनके सामान की सुरक्षा के लिए पुलिस जाप्ते के साथ वन विभाग के कार्मिक, स्काउट गाइड और एनसीसी कैडेट्स भी तैनात किए गए हैं। ये सभी मेला व्यवस्थाओं में सहयोग कर रहे हैं।
मेले में श्रद्धालुओं के लिए संचालित निःशुल्क भंडारों पर स्वच्छता व्यवस्था की विशेष निगरानी की जा रही है। नगर परिषद के सफाईकर्मियों द्वारा मेला क्षेत्र में नियमित रूप से कचरा संग्रहण और निस्तारण किया जा रहा है। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों एवं ऑटो टिपर के माध्यम से कचरे का समयबद्ध उठाव सुनिश्चित किया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं एवं भंडारा संचालकों से स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करने तथा कचरा निर्धारित डस्टबिन में ही डालने का आह्वान किया है।
दर्शन के बाद श्रद्धालु मेला क्षेत्र में खरीदारी और मनोरंजन का आनंद लेते नजर आए। चूड़ियों, खिलौनों, घरेलू सामान, गुब्बारों सहित विभिन्न वस्तुओं की दुकानें श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। कलाकारों द्वारा रस्सी पर चलकर प्रस्तुत किए जा रहे हैरतअंगेज करतब भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे।
जिला प्रशासन की ओर से मेले के आगामी दिनों में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं की सतत निगरानी जारी रखी जाएगी, ताकि श्रद्धालु सुगमता और सुरक्षित वातावरण में श्री त्रिनेत्र गणेश जी के दर्शन कर सकें।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
