सवाई माधोपुर, 3 नवंबर।

आदिवासी समाज के गौरव, स्वतंत्रता संग्राम के अमर नायक भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर पूरा जिला जनजातीय गौरव की भावना से सराबोर होगा। जनजाति कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार 1 से 15 नवंबर तक जिलेभर में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस क्रम में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में विभागीय अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई, जिसमें जनजातीय गौरव वर्ष के कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई।

जिला कलक्टर काना राम ने बैठक में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने आदिवासी समाज को स्वाभिमान और स्वतंत्रता का अमूल्य संदेश दिया। उनके नेतृत्व में चले आंदोलन ने भारतीय स्वतंत्रता संघर्ष को नई दिशा प्रदान की। उन्होंने बताया कि केन्द्रीय मंत्रिमंडल द्वारा 15 नवंबर को प्रतिवर्ष जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है, और इसी भावना के तहत 15 नवंबर 2024 से 15 नवंबर 2025 तक पूरे देश में जनजातीय गौरव वर्ष मनाया जा रहा है। इसी क्रम में सवाई माधोपुर जिले में 1 से 15 नवंबर तक विभागवार कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

कलक्टर ने जानकारी दी कि 4 नवंबर को उच्च शिक्षा विभाग महाविद्यालयों में भगवान बिरसा मुंडा पर भाषण, निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन करेगा। 6 नवंबर से 11 नवंबर तक जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग व टीआरआई द्वारा काष्ठ कला कार्यशाला आयोजित की जाएगी। 7 नवंबर को कृषि विभाग द्वारा कृषकों की संगोष्ठी में विभागीय योजनाओं एवं बिरसा मुंडा के जीवन दर्शन पर चर्चा होगी।

आठ नवंबर को ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग राजीविका के माध्यम से वनधन विकास केन्द्रों पर जनजागरूकता कार्यक्रम एवं स्वयं सहायता समूहों का गठन करेगा। 9 नवंबर को टीएडी के आवासीय विद्यालयों एवं आश्रम छात्रावासों में प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जबकि 10 नवंबर को उदयपुर स्थित मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय में दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी “जनजाति जीवन व भारतीय संस्कृति के विशेष संदर्भ में भारतीय ज्ञान परंपरा में प्रकृति” विषय पर आयोजित की जाएगी।

11 नवंबर को महिला एवं बाल विकास विभाग आंगनबाड़ी केन्द्रों पर विशेषकर आदिवासी महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण के कार्यक्रम संचालित करेगा। 12 नवंबर को चिकित्सा विभाग ब्लॉक स्तर पर स्वास्थ्य जागरूकता शिविर लगाएगा। 13 नवंबर को नगरीय विकास विभाग प्रमुख चौराहों, पार्कों एवं भवनों का नामकरण भगवान बिरसा मुंडा व अन्य जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के नाम पर करेगा, साथ ही तीन दिन तक विशेष रोशनी की जाएगी। 14 नवंबर को जिले के सिनेमाघरों में जनजाति महापुरुषों व स्वतंत्रता सेनानियों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्मों का प्रदर्शन और डीआईपीआर के सहयोग से दो दिवसीय विकास प्रदर्शनी आयोजित होगी।

समापन दिवस 15 नवंबर को ग्राम पंचायत से लेकर जिला स्तर तक जनजातीय गौरव दिवस के तहत विशेष कार्यक्रम होंगे। ग्रामीण विकास विभाग ग्राम सभाएं आयोजित करेगा, सेवा शिविरों में अवशेष पट्टों का वितरण किया जाएगा तथा राष्ट्रीय स्तरीय मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण किया जाएगा। जहां-जहां “आदि कर्मयोगी अभियान” के अंतर्गत आदिसेवा केंद्र स्थापित हैं, वहां जन समस्या समाधान शिविरों का आयोजन भी किया जाएगा।

जिला कलक्टर काना राम ने निर्देश दिए कि सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें ताकि जनजाति वर्ग के प्रत्येक व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों का वास्तविक लाभ पहुंच सके। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के आदर्श और उनके बलिदान की भावना आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देती रहेगी।

फोटो कैप्शन: जिला कलक्टर काना राम बैठक को संबोधित करते हुए।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story