टोडाभीम उपजिला चिकित्सालय की चिकित्सा व्यवस्थाओं और मूलभूत सुविधाओं में सुधार की मांग को लेकर क्षेत्र के युवाओं एवं आमजन ने मोर्चा खोल दिया है। युवाओं ने तहसीलदार हरसहाय मीना को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर अस्पताल में चिकित्सकों एवं चिकित्सा स्टाफ की कमी दूर करने सहित 11 सूत्रीय मांगें रखीं। साथ ही चेतावनी दी कि सात दिन में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो कस्बे का बाजार बंद कर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।

ज्ञापन में बताया गया कि टोडाभीम उपजिला चिकित्सालय आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोगों के लिए प्रमुख चिकित्सा केंद्र है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार और जांच के लिए अस्पताल पहुंचते हैं, लेकिन चिकित्सा एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाएं पर्याप्त नहीं होने से मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

युवाओं ने अस्पताल में पर्याप्त संख्या में चिकित्सक एवं चिकित्सा स्टाफ उपलब्ध करवाने, मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा योजना के तहत सभी आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मुख्यमंत्री निःशुल्क जांच योजना के तहत सभी आवश्यक जांच नियमित रूप से करवाने की मांग की। ज्ञापन में अस्पताल में बंद पड़ी सोनोग्राफी मशीन को तत्काल चालू करवाने और आवश्यकता होने पर विशेषज्ञ तकनीकी स्टाफ नियुक्त करने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।

इसके अलावा अस्पताल परिसर और आसपास व्यवस्थित पार्किंग विकसित करने, अतिक्रमण हटाने, मरीजों एवं एम्बुलेंस के लिए सुगम आवागमन सुनिश्चित करने, नियमित साफ-सफाई करवाने तथा मरीजों के बैठने, पेयजल और शौचालय जैसी सुविधाओं को बेहतर करने की मांग की गई।

ज्ञापन में गंभीर मरीजों के लिए आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करने, आवश्यक जीवनरक्षक उपकरण उपलब्ध कराने तथा अस्पताल में मौजूद चिकित्सा उपकरणों की नियमित जांच और रखरखाव करवाने की मांग भी की गई। युवाओं ने अस्पताल में बढ़ती मरीज संख्या को देखते हुए भवन विस्तार और अतिरिक्त चिकित्सा सुविधाओं की आवश्यकता का सर्वे करवाकर कार्रवाई करने की मांग रखी।

युवाओं ने ज्ञापन के माध्यम से अस्पताल की समस्याओं का उच्चस्तरीय निरीक्षण करवाकर समयबद्ध तरीके से समाधान करने की मांग की, ताकि टोडाभीम सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सात दिन में मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर कस्बे का बाजार बंद कर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।

ज्ञापन देने वालों में दीपक अजीजपुर, अभिराज मीना, रिंकू जौरवाल, दिनेश बड़ापुरा, दीपक बड़ापुरा, लोकेश भजेड़ा, मेघराम भूड़ा, हरकेश मीना, जितेश बड़ापुरा, अनिल कुमार मीना, रतन दारपुरी, ओमप्रकाश, निहालसिंह, सुनील, अमित महर, नेतराम मीना सहित क्षेत्र के युवा एवं अन्य लोग शामिल रहे।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

नाम: मदन मोहन गर्ग

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)

कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला

बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र

परिचय 

मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:

  • बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
  • एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)

Next Story