टोडाभीम। बालघाट थाना क्षेत्र के गाँव लुहारखेड़ा निवासी और लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार रहे लख्खी राम बैरवा को कुछ लोगों ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। हमले के बाद उनकी हालत चिंताजनक होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रैफर किया गया है। जयपुर में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष व टोडाभीम विधायक घनश्याम महर, हिंडौन विधायक अनीता जाटव और दौसा विधायक दीनदयाल बैरवा ने अस्पताल पहुँचकर लख्खी राम बैरवा से मुलाकात की और उनकी कुशलक्षेम जानी।

रास्ते की पैमाइश के दौरान हथियारों से लैस होकर आए हमलावर

गौरतलब है कि करौली-धौलपुर लोकसभा सीट से वर्ष 2014 में लख्खी राम बैरवा कांग्रेस के उम्मीदवार रहे थे और मौजूदा दिनों में उनकी भाभी विमला देवी लुहारखेड़ा की सरपंच हैं। सरपंच विमला देवी के पति कैलाश बैरवा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि "सरपंच विमला प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारियों के साथ गाँव लुहारखेड़ा में रास्ते की पैमाइश के लिए गई थी। इसी दौरान लुहारखेड़ा निवासी सुरजीत गुर्जर, पुष्पेंद्र गुर्जर एवं चंदवाड निवासी नरेश गुर्जर के साथ चार-पाँच अन्य लोग हाथों में लाठी, डंडा एवं अन्य धारदार हथियार लेकर आ गए।"

जातिसूचक शब्दों का प्रयोग और जानलेवा मारपीट

घटनाक्रम के अनुसार, हमलावरों ने आते ही सरपंच सहित उपस्थित अधिकारी और कर्मचारियों को गाली-गलौज देना शुरू कर दिया। तत्पश्चात हमलावरों ने सरपंच के देवर लख्खी राम बैरवा पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि "हमलावरों ने मारपीट के दौरान उन्हें जाति सूचक शब्दों से अपमानित भी किया।" लख्खी राम बैरवा को गंभीर हालत में तुरंत बालघाट अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

अत्यधिक रक्तस्राव के कारण जयपुर रैफर

बालघाट सीएचसी प्रभारी डॉ. सुगन लाल मीणा ने मामले की गंभीरता बताते हुए कहा कि "लख्खी राम के परिजन उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल लेकर आए थे, उनके शरीर से काफी रक्त बह रहा था। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जयपुर रैफर कर दिया गया है।" पूर्व प्रत्याशी पर हुए इस हमले के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और राजनीतिक गलियारों में भी इसकी चर्चा तेज हो गई है।

पुलिस ने दर्ज किया एससी-एसटी एक्ट में मामला

कानूनी कार्रवाई की जानकारी देते हुए बालाघाट के थानाधिकारी महेश कुमार मीणा ने बताया कि "पुलिस ने एसटी, एससी एक्ट एवं मारपीट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।" फिलहाल इस पूरे प्रकरण की सघन जांच टोडाभीम डीएसपी मुरारी लाल मीणा द्वारा की जा रही है। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है।

Dheerajkumar Sharma(Sawai Madhopur )

Dheerajkumar Sharma(Sawai Madhopur )

नाम: धीरज कुमार शर्मा

वर्तमान पद: हिंडौन संवाददाता (प्रातः काल)

कार्यक्षेत्र: हिंडौन सिटी, जिला करौली (राजस्थान)

बीट: स्थानीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, प्रशासन, कला और धार्मिक गतिविधियां

परिचय
धीरज कुमार शर्मा राजस्थान के करौली जिले के अंतर्गत आने वाले हिंडौन सिटी क्षेत्र के संवाददाता हैं। वह हिंडौन के स्थानीय समाचारों के साथ-साथ विशेष रूप से राजनीति और शिक्षा के क्षेत्र को नियमित रूप से कवर करते हैं। इसके अलावा, कला और धार्मिक विषयों पर भी उनकी अच्छी पकड़ है और वह इन क्षेत्रों में भी रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव 

धीरज कुमार शर्मा को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 15 साल का लंबा अनुभव है:

  • वह पिछले तीन वर्ष से लगातार 'प्रातः काल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और हिंडौन क्षेत्र की कमान संभाल रहे हैं।
  • 'प्रातः काल' से पहले उन्होंने 10 साल तक 'राष्ट्रदूत' अखबार में कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री प्राप्त की है।

Next Story