सवाई माधोपुर, 20 नवम्बर। प्रदेशव्यापी प्रयास के तहत सवाई माधोपुर में भी टोबैको फ्री यूथ कैंपेन 3.0 के तहत दो माह तक चलने वाले सघन जन जागरण अभियान की शुरुआत की गई है। यह अभियान 9 अक्टूबर से 12 दिसंबर 2025 तक जिले के सभी स्कूलों और ग्राम पंचायतों को तंबाकू मुक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जेमिनी ने बताया कि अभियान के दौरान चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने अन्य विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कोटपा एक्ट 2003 की समस्त धाराओं और तंबाकू फ्री गाइडलाइंस की शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित की है।

विद्यालयों में इस अभियान के तहत विद्यार्थियों को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। छात्र तंबाकू सेवन से होने वाले स्वास्थ्य जोखिमों और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी प्राप्त कर शपथ लेते हैं कि वे तंबाकू का सेवन नहीं करेंगे। जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रचनात्मक गतिविधियों जैसे वाद-विवाद प्रतियोगिता, निबंध लेखन, रैली, नुक्कड़ नाटक आदि में भाग लेकर संदेश को और प्रभावी बनाया।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं और बच्चों को तंबाकू जैसी हानिकारक आदतों से दूर रखना है। इसके लिए विभिन्न विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं और स्काउट एवं गाइड के सहयोग से व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान जिले के सभी स्कूलों, ग्राम पंचायतों और सार्वजनिक स्थलों में आयोजित कर इसे अधिकतम नागरिकों तक पहुँचाने का प्रयास किया जा रहा है।

डॉ. जेमिनी ने इस अवसर पर यह भी स्पष्ट किया कि इस प्रकार की पहल न केवल स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में कदम है, बल्कि यह सामाजिक चेतना और कानून के प्रति नागरिकों की जवाबदेही को भी मजबूत करती है। 12 दिसंबर तक चलने वाला यह अभियान पूरे जिले में तंबाकू मुक्त वातावरण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

फोटो कैप्शन: 20 नवम्बर, सवाई माधोपुर: टोबैको फ्री यूथ कैंपेन 3.0 के तहत विद्यार्थियों को तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story