सवाई माधोपुर, 18 दिसम्बर। राज्य सरकार के सफल दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में इंदिरा मैदान में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय विकास प्रदर्शनी का गुरुवार को समापन हुआ। “नव उत्थान–नई पहचान, बढ़ता राजस्थान–हमारा राजस्थान” की प्रभावी थीम पर आधारित इस प्रदर्शनी ने जिले के नागरिकों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों तथा स्कूली-कॉलेज विद्यार्थियों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और विकास कार्यों से सीधे जोड़ने का सशक्त मंच प्रदान किया।

प्रदर्शनी के तीसरे और अंतिम दिन भी आयोजन स्थल पर उत्साह और जिज्ञासा का वातावरण बना रहा। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की विशेष गैलरी, वीडियो प्रस्तुतियों के लिए स्थापित एलईडी स्क्रीन वॉल तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल्स पर आगंतुकों की निरंतर आवाजाही रही। यहां राज्य सरकार की जनकल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण, रोजगार, कृषि और आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं को साहित्य, मॉडलों और आकर्षक दृश्य प्रस्तुतियों के माध्यम से विस्तार से प्रदर्शित किया गया।

आगंतुकों को फोल्डर, पम्पलेट और बुकलेट वितरित कर योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लाभों की जानकारी दी गई, जिससे सरकारी योजनाओं की वास्तविक पहुंच अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित की जा सके। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी में उपलब्ध जानकारी को उपयोगी बताते हुए इसे अपने लिए मार्गदर्शक करार दिया।

महिलाओं, युवाओं और विद्यार्थियों की व्यापक भागीदारी के साथ यह जिला विकास प्रदर्शनी राज्य सरकार के दो वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने का प्रभावी माध्यम सिद्ध हुई। समापन के साथ ही प्रदर्शनी ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि विकास, पारदर्शिता और जनभागीदारी के माध्यम से ही “बढ़ता राजस्थान” साकार हो रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story