गंगापुर सिटी। नगर परिषद गंगापुर सिटी ने नहर रोड क्षेत्र में मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को नियंत्रित करने के लिए व्यापक फॉगिंग अभियान शुरू किया है। आयुक्त एवं एसडीएम बृजेन्द्र मीणा के निर्देश पर शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य मच्छर जनित बीमारियों जैसे डेंगू, चिकनगुनिया और मलेरिया के खतरे को जड़ से समाप्त करना है।

अभियान की कमान स्वास्थ्य निरीक्षक पिन्टू राम मीणा ने संभाली, जिनके नेतृत्व में नगर परिषद की टीम ने नहर रोड, कब्रिस्तान, मोक्षधाम और गोशाला के आसपास के क्षेत्रों में फॉगिंग कर संक्रमण की संभावनाओं पर नियंत्रण पाने का प्रयास किया। मानसून के बाद इन बीमारियों के फैलने की संभावना को देखते हुए नगर परिषद ने यह कदम त्वरित रूप से उठाया है।

फॉगिंग अभियान में नवीन कुमार और जमादार की टीम ने सक्रिय रूप से भाग लिया। अभियान के दौरान नगर आयुक्त बृजेन्द्र मीणा ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने आसपास सफाई बनाए रखें, कहीं भी पानी जमा न होने दें और मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के प्रति सतर्क रहें।

आयुक्त मीणा ने बताया कि नगर परिषद आने वाले दिनों में शहर के प्रत्येक वार्ड और मोहल्ले में चरणबद्ध तरीके से फॉगिंग कराएगी। यह अभियान केवल मच्छरों के प्रजनन को रोकने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि शहर को स्वस्थ, स्वच्छ और बीमारियों से मुक्त बनाने की दिशा में एक ठोस कदम साबित होगा।

Updated On
Next Story