सवाई माधोपुर, 3 नवंबर।

हिन्दुस्तान स्काउट्स एण्ड गाइड्स राजस्थान राज्य जिला मुख्यालय, सवाई माधोपुर के तत्वावधान में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ओलवाड़ा में आयोजित तीन दिवसीय कोमल पद स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर और रजत किरण कब-बुलबुल शिविर रविवार को सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस शिविर में राउमावि ओलवाड़ा और राउप्रावि निवाड़ी सहित क्षेत्र के 200 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और स्काउटिंग के सिद्धांतों एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण का अनुभव प्राप्त किया।

डी.ओ. स्काउट भरत लाल प्रजापत ने बताया कि शिविर का शुभारंभ 31 अक्टूबर को हुआ था, जिसमें प्रतिभागियों को स्काउटिंग आंदोलन की सामान्य जानकारी के साथ जीवनोपयोगी प्रतिज्ञा, नियम, अनुशासन और सेवा भावना पर आधारित प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान बालक-बालिकाओं को रस्सियों और लाठियों के उपयोग, रोगी को प्राथमिक उपचार देने, खून रोकने की विधि, अस्थायी स्ट्रेचर निर्माण, गैजेट्स निर्माण, तंबू लगाना, टोलीवार भोजन बनाना तथा खोज और समाज सेवा संबंधी गतिविधियों की जानकारी दी गई।

साथ ही, 6 से 10 वर्ष की आयु वर्ग के बच्चों को रजत किरण कब-बुलबुल पाठ्यक्रम के अनुसार प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें शिक्षाप्रद खेलों और समूह गतिविधियों के माध्यम से नेतृत्व, सहयोग और आत्मविश्वास के गुणों का विकास किया गया।

शिविर के समापन अवसर पर पीईईओ एवं प्रधानाचार्य सुनीता बसवाल ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्काउटिंग एक ऐसा अनुशासन है जो बालक-बालिकाओं को समय का पाबंद, जिम्मेदार और समाज सेवा के प्रति समर्पित नागरिक बनाता है। उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड प्रशिक्षण से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होता है और वे समाज में नेतृत्व एवं मार्गदर्शन की भूमिका निभाने में सक्षम बनते हैं।

इस अवसर पर प्रशिक्षकों और विद्यालय स्टाफ ने भी शिविर की सफलता पर संतोष व्यक्त करते हुए बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की। ओलवाड़ा का यह शिविर न केवल विद्यार्थियों के लिए एक शिक्षाप्रद अनुभव बना, बल्कि स्काउटिंग की भावना—“सेवा ही सर्वोपरि”—का भी जीवंत उदाहरण प्रस्तुत कर गया।

Updated On
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story