“फिटनेस का डोज आधा घंटा रोज” के संदेश के साथ जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का भव्य समापन
सवाई माधोपुर में जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का भव्य समापन, जिला कलक्टर काना राम ने युवाओं को खेलों में भाग लेने और फिट इंडिया अभियान का संदेश “फिटनेस का डोज आधा घंटा रोज” जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया। विजेताओं को सम्मानित कर खेल और फिटनेस को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

सवाई माधोपुर, 9 दिसंबर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत केंद्र द्वारा आयोजित जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का समापन मंगलवार को दशहरा मैदान, सवाई माधोपुर में जिला कलक्टर काना राम के मुख्य आतिथ्य में भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस अवसर पर जिला कलक्टर ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिताओं में भाग लेने का आग्रह करते हुए भारत सरकार के फिट इंडिया अभियान का संदेश “फिटनेस का डोज आधा घंटा रोज” हर जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।
जिला कलक्टर काना राम ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य और विकास का साधन हैं, बल्कि यह अनुशासन, एकता, आत्मविश्वास और देशभक्ति की भावना को भी प्रबल बनाते हैं। उन्होंने युवाओं को प्रोत्साहित किया कि वे खेलों में सक्रिय भाग लेकर अपनी प्रतिभा को निखारें और जिले एवं प्रदेश का नाम रोशन करें।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विजेता प्रतिभागियों का चयन सितम्बर एवं अक्टूबर में आयोजित चार ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं से किया गया था, जो मलारना डूंगर, बौंली, सवाई माधोपुर और गंगापुर सिटी में आयोजित की गई थीं। समाजसेवी भरतलाल मथुरिया ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए खेल भावना को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया।
पुरुष वर्ग में कबड्डी का प्रथम स्थान गंगापुर सिटी की टीम ने प्राप्त किया, 100 मीटर दौड़ में गोलू मीना और लंबी कूद में अंकुश विजेता रहे। महिला वर्ग में रस्सा-कसी में प्रथम स्थान गंगापुर सिटी की टीम ने हासिल किया, वहीं 100 मीटर दौड़ और लंबी कूद में अंतिमा वर्मा विजेता रहीं। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी युवाओं और आयोजक टीम को माय भारत टी-शर्ट वितरित की गई। जिला कलक्टर ने विजेताओं को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया।
माय भारत केंद्र के जिला युवा अधिकारी ने आयोजकों, प्रतिभागियों और उपस्थित अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन किया। जिला खेल अधिकारी कजोड़ मल ने युवाओं से खेल और फिटनेस के संदेश को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में सरदार/150 पदयात्रा समिति के सदस्य शुभम भारद्वाज और संतोष मथुरिया भी उपस्थित थे। निर्णयक मंडल में शिक्षा विभाग के राजेंद्र सिंह, शिवराम गुर्जर, हरिभजन, आशा वर्मा, आशा चौधरी और शबाना ने सक्रिय भागीदारी की। मंच संचालन सर्वोदय नवयुवक मंडल के रजत कुमार भारद्वाज द्वारा किया गया। आयोजन समिति में वॉलिंटियर्स मनोज कुमार महावर, राजेश गुर्जर, शिफ़ात खान, अनिल कुमार महावर, महेंद्र शर्मा, खुशीराम गुर्जर, रिजुल गर्ग सहित सैकड़ों युवा उपस्थित रहे।
यह आयोजन न केवल खेल और फिटनेस को बढ़ावा देने में सफल रहा, बल्कि युवाओं में खेल भावना, प्रतिस्पर्धात्मक उत्साह और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा भी देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
- सवाई माधोपुर खेल प्रतियोगिताफिट इंडिया अभियानजिला कलक्टर काना राममाय भारत केंद्रकबड्डी विजेता गंगापुर सिटी100 मीटर रेस विजेतालंबी कूद अंकुशअंतिमा वर्मायुवा खेल प्रतिभागीखेल और फिटनेससवाई माधोपुर जिला कार्यक्रमयुवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालयब्लॉक स्तरीय खेलखेल सम्मान समारोहफिटनेस संदेशIndia sports competitionFit India campaignSawai Madhopur district sportsKabaddi winners100m race winnerlong jump winneryouth sports eventfitness promotion IndiaMy Bharat Centerdistrict level sports eventgovernment sports initiative

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
