सवाई माधोपुर, 5 दिसंबर। जिला कलक्टर काना राम ने शुक्रवार को जिला कारागृह सवाई माधोपुर का वार्षिक निरीक्षण किया और जेल में बंदियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, भोजन और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बंदियों से संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना। इस अवसर पर बंदियों ने प्रशासन की ओर से उपलब्ध सेवाओं और सुविधाओं के प्रति संतोष व्यक्त किया।

जिला कलक्टर काना राम ने कहा कि प्रशासन की ओर से सभी संसाधनों और सुविधाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से सभी तक पहुँचाया जाएगा और किसी भी प्रकार की समस्या या असुविधा होने पर बंदी निःसंकोच अपने विचार साझा कर सकते हैं।

निरीक्षण के दौरान जेलर बिहारी लाल ने जेल की वर्तमान व्यवस्थाओं का ब्योरा प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि जेल में स्वच्छ पेयजल, नियमित चिकित्सकीय सहायता और संतुलित भोजन की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। जेल परिसर में भोजनशाला, प्रहरी लाइन, बैरक और अन्य भवनों की साफ-सफाई एवं रोशनी की स्थिति संतोषजनक पाई गई। वर्तमान में कारागृह में 11 शौचालय उपलब्ध हैं, जो बंदियों की संख्या के अनुसार पर्याप्त हैं। स्नानघर सामूहिक स्थल पर संचालित किए जा रहे हैं।

जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के बीच नियमित समन्वय किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि 30 सितंबर को की गई आकस्मिक तलाशी में किसी भी प्रकार की अवैध वस्तु नहीं पाई गई।

जेल परिसर में बंदियों के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के लिए इंडोर गेम्स की सुविधा उपलब्ध है, जबकि कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए वॉलीबॉल और बैडमिंटन कोर्ट विकसित किए गए हैं। निरीक्षण के दौरान यह सुझाव भी दिया गया कि बंदियों के सामाजिक और आर्थिक पुनर्वास के लिए कौशल विकास और उद्यमिता प्रशिक्षण प्रारंभ किए जाएँ, जिससे वे भविष्य में आत्मनिर्भर बन सकें।

हालांकि, निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि जेल में अभी तक सीसीटीवी कैमरे स्थापित नहीं हैं। जिला कलक्टर ने उपाधीक्षक को निर्देशित किया कि सुरक्षा को सुनिश्चित करने हेतु शीघ्र ही नियमानुसार सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएँ। निरीक्षण के समय कारागृह में कुल 77 बंदी उपस्थित पाए गए।

जिला कारागृह सवाई माधोपुर के वार्षिक निरीक्षण में उपाधीक्षक बिहारीलाल, जेलर ताराचंद शर्मा, मुख्य प्रहरी महेशचंद शर्मा, नरेश कुमार, दावदयाल शर्मा, वरिष्ठ सहायक महावीर सिंह, संजय कुमार, चिकित्सा अधिकारी मनोज कुमार गर्ग, अशोक कुमार सहित समस्त जेल स्टाफ एवं आरएसी स्टॉप उपस्थित रहे।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story