आदर्श नगर में आयोजित कार्यशाला में राजेंद्र सेठिया ने तेरापंथ की मौलिक मर्यादाओं, दान के भेदों और आध्यात्मिक सिद्धांतों पर श्रावकों का मार्गदर्शन किया।

श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी महासभा कोलकाता के निर्देशानुसार आदर्श नगर स्थित तेरापंथ भवन में “तेरापंथ : मेरा पंथ” विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें तेरापंथ की मूल मर्यादाओं के संरक्षण और उनके व्यावहारिक पालन पर गंभीर मंथन हुआ।

कार्यशाला का आयोजन स्थानीय श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा द्वारा किया गया, जिसका मार्गदर्शन गंगाशहर से समागत तेरापंथ युवक रत्न राजेन्द्र सेठिया ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ सभा अध्यक्ष कमलेश जैन एडवोकेट के स्वागत भाषण से हुआ। इसके पश्चात स्थानीय तत्वज्ञ श्रावक चंद्रप्रकाश जैन ने मार्गदर्शक राजेन्द्र सेठिया का परिचय प्रस्तुत करते हुए कार्यशाला के उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी दी।

मुख्यवक्ता एवं मार्गदर्शक राजेन्द्र सेठिया ने अपने संबोधन में तेरापंथ की मौलिक मर्यादाओं को प्रत्येक तेरापंथी परिवार की जिम्मेदारी बताते हुए विभिन्न सत्रों में गहन विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने तेरापंथ के उद्भव को भगवान ऋषभ से आचार्य भिक्षु तक जोड़ते हुए ऐतिहासिक और आध्यात्मिक परिप्रेक्ष्य स्पष्ट किया। साथ ही साध्य और साधन की मीमांसा, लौकिक दान और लोकोत्तर दान में भेद, लौकिक दया और लोकोत्तर दया के अंतर, पुण्य के स्वतंत्र बंध को अस्वीकार करने की अवधारणा तथा द्रव्य पूजा और भाव पूजा की भेदरेखा जैसे महत्वपूर्ण सिद्धांतों को सरल एवं तार्किक ढंग से प्रस्तुत किया। सत्रों के दौरान प्रतिभागियों द्वारा उठाई गई जिज्ञासाओं का समाधान भी उन्होंने विस्तारपूर्वक किया।

कार्यशाला के अंतिम सत्र में सहभागियों की ओर से युवक परिषद अध्यक्ष भीकम जैन ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस कार्यशाला के माध्यम से उन्हें तेरापंथ की मूल अवधारणाओं को गहराई से समझने का अवसर मिला। कार्यक्रम के विभिन्न सत्रों का संचालन सभा मंत्री नरेन्द्र कुमार जैन द्वारा किया गया। समापन अवसर पर सभा की ओर से मार्गदर्शक राजेन्द्र सेठिया एवं उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

यह कार्यशाला तेरापंथ की मूल विचारधारा को समझने और उसे व्यवहार में उतारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आई, जिसने समाज के भीतर धार्मिक मूल्यों के संरक्षण और जागरूकता को नई दिशा दी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story